अब समय के अनुसार तय होगी बिजली की कीमत, स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को मिलेगा फायदा
अब बिजली का बिल आपके उपयोग के समय पर निर्भर करेगा। पड़ोसी राज्य बिहार में 1 अप्रैल 2026 से स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं के लिए टाइम ऑफ डे (टीओडी) टैरिफ लागू किया जा रहा है। इस व्यवस्था के तहत दिन के अलग-अलग समय पर बिजली दरें अलग होंगी। राज्य बिजली कंपनी के इस कदम के बाद छत्तीसगढ़ में भी इस प्रणाली को लागू करने के संकेत मिले हैं, जिससे उपभोक्ताओं को अपनी खपत बेहतर तरीके से प्रबंधित करने का मौका मिलेगा।
क्या है टाइम ऑफ डे (TOD) टैरिफ
टाइम ऑफ डे (टीओडी) टैरिफ का मतलब है कि बिजली की कीमतें समय के अनुसार तय की जाएंगी। जब बिजली की मांग अधिक होती है, तब दरें बढ़ेंगी और कम मांग के समय दरें घटेंगी।
ऊर्जा सचिव डा. रोहित यादव ने बताया कि पीक आवर्स के दौरान लोड कम करने के लिए उपभोक्ताओं को रियायत और जागरूकता संदेश भेजने की योजना पर विचार किया जा रहा है।
कब सस्ती और कब महंगी बिजली
नई व्यवस्था के तहत दिन को तीन अलग-अलग समय स्लॉट में बांटा गया है। इससे करीब 87 लाख स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को अपनी खपत को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली का उपयोग करने पर उपभोक्ताओं को सामान्य दर से 20 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। वहीं, शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक बिजली का उपयोग करने पर अतिरिक्त 10 प्रतिशत चार्ज देना पड़ सकता है।
आम जनता के लिए सलाह
अब बिजली बचाने के साथ-साथ 'समय प्रबंधन' भी बचत का जरिया बनेगा। यदि उपभोक्ता अपने वाशिंग मशीन, डिशवॉशर या पानी के पंप जैसे भारी उपकरणों को सुबह 9 से शाम 5 के बीच चलाते हैं, तो वे अपने मासिक बिल में उल्लेखनीय कटौती देख सकते हैं। इसके विपरीत, शाम के समय अनावश्यक लाइटें और उपकरण चलाने पर जेब पर बोझ बढ़ना तय है।
