गर्मियां शुरू होते ही मौसमी सब्जी बोहार भाजी की मार्केट में बढ़ी डिमांड,स्वाद और औषधीय गुणों से भरपूर
छत्तीसगढ़ में गर्मियां शुरू होते ही सेहत और औषधीय गुणों से भरपूर मौसमी सब्जी बोहार की मार्केट में खूब डिमांग देखी जा रही है छत्तीसगढ़ के सबसे लोकप्रिय और स्वादिष्ट सब्जियों में शुमार बोहार जितनी भी महंगी क्यों ना हो, लोग इसे खरीदने के लिए तैयार होते हैं. गर्मियों के मौसम में सिर्फ दो-तीन महीने मिलने वाली बोहार स्वाद के साथ-साथ औषधिए गुणों से भी भरपूर होती है. जानकारों की मानें तो बोहार सब्जी में आयरन, कैल्शियम और फास्फोरस की अच्छी मात्रा होती है, जो एनीमिया और हड्डी के लिए काफी फायदेमंद होती है.जिसके लिए लोग वो कोई भी कीमत देने के लिए तैयार रहते हैं.फिलहाल मार्केट में इसकी कीमत 250 रुपए प्रति किलोग्राम है, लेकिन जैसे-जैसे इसकी डिमांड बढ़ेगी, इसकी कीमत 250 से 300 रुपए प्रति किलो पहुंचने में वक्त नहीं लगेगा.
बोहार भाजी की जितनी चर्चा छत्तीसगढ़ में होती है, उतनी शायद ही किसी और भाजी की होती होगी। यह भाजी खेतों पर नहीं लगाई जाती है बल्कि ऊंचे पेड़ों पर पाई जाने वाली भाजी है, जिसे तोड़ना काफी जोखिम भरा रहता है.बोहार की कलियां और कोमल पत्ते होते हैं, जो कुछ दिनों में फूल बन जाते हैं। इन्हें फूल बनने से पहले ही तोड़ना होता है। तभी ये खाने के काम आ पाती है। उंचे पेड़ की पतली डालियों तक पहुंच कर सिर्फ कलियों को अलग से तोड़ना भी आसान नहीं है। इस भाजी को बनाने के लिए मिर्ची, लहसुन, प्याज और टमाटर की भारी मात्रा या फिर इमली या दही जैसे खट्टे चीजों का उपयोग किया जाता है ताकि भाजी खट्टे में स्वादिष्ट लग सके. इसे ग्रामीण अंचल के साथ शहरी क्षेत्र के लोगों द्वारा खूब पसंद किया जाता है
इस भाजी जैसा स्वाद किसी और भाजी में नहीं है। इस भाजी का रेट भी महंगा होता है। इस भाजी के खाने के कई लाभ भी हैं, माना तो यह भी जाता है कि साल में एक बार इस बोहार भाजी को जरूर खाना चाहिए। ऐस कहा जाता है कि पेट दर्द, कफ और दर्द को दूर करने में यह भाजी बहुत फायदेमंद होती है। उल्लेखनीय है स्वाद और औषधीय गुणों से भरपूर मौसमी सब्जी बोहार को लेकर सब्जी विक्रेताओं में भी गजब का क्रेज होता है, क्योंकि बोहार भाजी से अच्छी खासी कमाई होती है. भाजी विक्रेता राम साव यादव बताते हैं कि कई लोग बोहार भाजी को तोड़ने के लिए बनिहार भी लगाते हैं, जो जोखिम भरे बोहार सब्जियों को तोड़कर मार्केट में बेचते हैं, जिससे वो अच्छा-खासा मुनाफा भी कमाते हैं.
