राज्यपाल रमेन डेका ने किया मुंगेली अचानकमार टाइगर रिजर्व का दौरा
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने गुरुवार को मुंगेली जिले के प्रसिद्ध अचानकमार टाइगर रिजर्व का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जंगल सफारी का आनंद लिया और वन क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों की सराहना की। राज्यपाल ने प्राकृतिक वातावरण में वन्य प्राणियों के संरक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया। दौरे के दौरान राज्यपाल ने आदिवासी अंचल की महिलाओं द्वारा तैयार की गई पारंपरिक कलाकृतियों को भी देखा और उनकी सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से बैगा और गोंड जनजाति की ट्राइबल पेंटिंग्स तथा स्थानीय हस्तशिल्प की प्रशंसा करते हुए इसे क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान बताया।
यह क्षेत्र प्रकृति प्रेमियों के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसे मनियारी नदी का उद्गम स्थल माना जाता है। सिहावल क्षेत्र घने जंगलों, शांत प्राकृतिक वातावरण और वन्यजीवों की मौजूदगी के कारण विशेष पहचान रखता है। यहां हिरण, जंगली हाथी, बाघ सहित कई दुर्लभ वन्य प्राणी अक्सर देखे जाते हैं। राज्यपाल ने अधिकारियों से चर्चा करते हुए वन्यजीव संरक्षण को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से जंगली हाथियों के प्रशिक्षण और उनके बेहतर प्रबंधन के लिए भी जरूरी दिशा-निर्देश प्रदान किए।
अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि अचानकमार टाइगर रिजर्व मध्य भारत के महत्वपूर्ण वन क्षेत्रों में से एक है, जहां बाघ, तेंदुआ, भालू, गौर, हिरण और हाथियों की बड़ी संख्या पाई जाती है। गौरतलब है कि अचानकमार टाईगर रिजर्व छत्तीसगढ़ का प्रमुख वन्यजीव अभयारण्य है और यह युनेस्को के अधीन घोषित अचानकमार – अमरकंटक बायोंस्फीयर रिजर्व का हिस्सा भी है। अपनी समृद्ध जैव विविधता, घने साल वनों, दुर्लभ वन्यजीवों और मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों के कारण यह देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
राज्यपाल ने सिहावल क्षेत्र में वन्य प्राणी संरक्षण को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही जंगली हाथियों के प्रशिक्षण और प्रबंधन के लिए भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि यह क्षेत्र हिरण, हाथी और टाइगर सहित कई वन्य जीवों के विचरण का प्रमुख क्षेत्र है। मुंगेली जिले का सिहावल क्षेत्र मनियारी नदी के उद्गम स्थल के रूप में भी जाना जाता है। दौरे के दौरान मुंगेली कलेक्टर कुन्दन कुमार ने राज्यपाल को जनजातीय कला पर आधारित स्मृति चिन्ह और प्राकृतिक कोसे से निर्मित शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अचानकमार टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर अभिषेक सिंह, एडीसी ओम भविष्यकर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, डीडी एटीआर यूआर गणेशन, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
