होली के पहले साय सरकार ने दी खुशियों की सौगात, 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपए ट्रांसफर - CGKIRAN

होली के पहले साय सरकार ने दी खुशियों की सौगात, 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपए ट्रांसफर


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हमारी सरकार किसान हितैषी सरकार है और किसानों की चिंता करते हुए उनके लिए प्रगतिशील योजनाएं लाई गई हैं. इस बार किसानों को बारदाने की कोई समस्या नहीं हुई और किसानों के खातों में राशि भी समय पर पहुंची है.  मुख्यमंत्री साय ने बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के रहंगी गांव में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत राज्य के 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपए से अधिक की राशि का अंतरण किया.

बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसानों के खातों में कुल 494.38 करोड़ रुपये डाले गए. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राशि होली के पूर्व किसानों के सम्मान और सुविधा के लिए प्रदान की जा रही है.

किसानों के लिए योजनाएं और सुविधाएं

शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर किसान ऋण सुविधा

लाखों किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ

धान की सर्वाधिक मूल्य निर्धारण

भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में भी राशि अंतरण

खाद में सब्सिडी और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 6,000 रुपए सम्मान निधि

साय ने कहा कि इस वर्ष के बजट में कृषि के लिए 13,000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाता है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद बस्तर क्षेत्र से समाप्ति की ओर है और राज्य में खनिज संसाधनों के समुचित दोहन से विकास को गति दी जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि मार्च 2026 तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प पूरे होंगे. 

धमतरी जिले के श्यामतराई मंडी में कृषक उन्नति योजना के कार्यक्रम में किसानों और जिला प्रशासन की टीम ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 में धान उपार्जन करने वाले 1,24,463 किसानों के बैंक खातों में 434 करोड़ 77 लाख रुपए डीबीटी के माध्यम से अंतरित किए गए.

किसान सम्मेलनों में महापौर रामू रोहरा, विशिष्ट अतिथि नेहरू निषाद और पूर्व विधायक रंजना साहू ने इस राशि को किसानों के लिए आर्थिक संबल बताया. कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधोसंरचना विकास और नए मंडी व गोदाम निर्माण की योजनाओं की जानकारी दी. किसानों ने समय पर मिली राशि को अगली फसल की तैयारी में सहायक बताया.

किसान भाइयों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज का दिन किसान भाइयों के सम्मान का दिन है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के 25 लाख 28 हजार से अधिक किसानों ने धान बेचा है और कृषक उन्नति योजना के माध्यम से आज 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि किसानों के खातों में अंतरित की गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान भाई होली का त्योहार अच्छे से मनाएं, इसलिए होली के पूर्व यह राशि प्रदान की जा रही है.

उन्होंने कहा कि सरकार ने शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर किसानों को ऋण लेने की सुविधा प्रदान की है और आज लाखों किसान किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को धान की सर्वाधिक कीमत देने की व्यवस्था की गई है, जो अन्यत्र कहीं नहीं है.

किसानों के सम्मान का सबसे बड़ा दिन

कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि उन्नति योजना का लाभ देने के लिए मुख्यमंत्री किसानों के बीच आए हैं, यह बहुत ही ऐतिहासिक क्षण है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने आज 10 हजार 300 करोड़ रुपए से अधिक की राशि किसानों के खातों में सीधे अंतरित की है.

बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने किसानों का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय किसानों के दर्द और मेहनत को समझते हैं और होली से पहले किसानों की मेहनत और पसीने की सौगात देने के लिए आज उनके बीच उपस्थित हुए हैं. कृषि उत्पादन आयुक्त शाहला निगार ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों को आदान सहायता प्रदान की जाती है, जिसका उद्देश्य उनकी आजीविका को सुदृढ़ करना और आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाना है.

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads