मुख्यमंत्री श्री साय के किसान हितैषी निर्णय से किसानों में उत्साह - CGKIRAN

मुख्यमंत्री श्री साय के किसान हितैषी निर्णय से किसानों में उत्साह


 छत्तीसगढ़ सरकार ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि होली से पहले एकमुश्त भुगतान करने का निर्णय लिया है. मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए इस महत्वपूर्ण फैसले से प्रदेश के किसानों में उत्साह और संतोष का माहौल है. सरकार का मानना है कि यह राशि त्योहार के पहले मिलने से किसानों को तात्कालिक आर्थिक राहत प्राप्त होगी. किसानों का कहना है कि समर्थन मूल्य के साथ अंतर राशि मिलने से उन्हें उनके पसीने की उचित कीमत प्राप्त हो रही है, जो कृषि क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक संदेश है.

किसानों को मिलेगी बड़ी आर्थिक राहत

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के इस किसान हितैषी निर्णय का स्वागत करते हुए सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम कोसंगा के किसान श्री पहरूराम ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उन्होंने लगभग 72 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा है, जिसकी राशि उन्हें प्राप्त हो चुकी है। अब अंतर की राशि होली से पहले मिलने की घोषणा से वे अत्यंत खुश हैं। उन्होंने कहा कि होली के बाद विवाह-शादी का सीजन प्रारंभ हो जाएगा, ऐसे में यह राशि पारिवारिक आवश्यकताओं और सामाजिक दायित्वों के कार्य में सहायक होगी। श्री पहरूराम ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय किसानों के हित में अत्यंत सराहनीय है और इससे किसानों में उत्साह का माहौल है।

सरगुजा जिले के 52 हजार से अधिक किसानों को मिलेगा लाभ

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत, प्रदेश भर में किसानों को इस निर्णय का सीधा लाभ मिलेगा। सरगुजा जिले में 52,553 किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान विक्रय किया है, उन्हें अब अंतर की राशि उनके बैंक खातों में एकमुश्त प्राप्त होने से किसानों के चेहरे पर खुशी एवं रौनक आयेगी।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के किसान हितैषी निर्णय से अन्नदाताओं को उनके पसीने की पूरी कीमत मिलेगी और उनके जीवन स्तर में सुधार होगा। होली से पहले अंतर राशि का भुगतान होने से न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, साथ ही स्थानीय बाजारों में रौनक बढ़ेगी।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads