पंचायत विभाग को QR कोड से मनरेगा की जानकारी सुलभ कराने पर मिला मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार - CGKIRAN

पंचायत विभाग को QR कोड से मनरेगा की जानकारी सुलभ कराने पर मिला मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार


राज्य में डिजिटल नवाचार और पारदर्शी शासन की दिशा में किए गए प्रभावी प्रयासों के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। आज नया रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में यह पुरस्कार QR कोड के माध्यम से मनरेगा की जानकारी आमजन तक सुलभ कराने की अभिनव पहल के लिए प्रदान किया गया। महात्मा गांधी नरेगा  आयुक्त तारण प्रकाश सिन्हा ने विभाग की ओर से मुख्यमंत्री साय के हाथों यह पुरस्कार ग्रहण किया। बता दें कि विभाग द्वारा विकसित QR कोड आधारित मनरेगा सूचना प्रणाली से प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में योजनाओं की जानकारी अब सीधे नागरिकों की पहुंच में है। इस प्रणाली के माध्यम से मजदूरी भुगतान, स्वीकृत कार्य, प्रगति की स्थिति सहित मनरेगा से जुड़ी विभिन्न जानकारियां मोबाइल पर स्कैन करते ही उपलब्ध हो रही हैं। इससे न केवल सूचना प्राप्ति सरल हुई है, बल्कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और त्वरित जवाबदेही भी सुनिश्चित हुई है।

1 सितंबर से शुरू हुई इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रतिक्रिया मिली है। अब तक 4.25 लाख से अधिक बार QR कोड स्कैन किए जा चुके हैं, जो इस नवाचार पर जनता के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है। अधिकारियों के अनुसार, इस व्यवस्था से शिकायतों में कमी आई है और ग्रामीणों को सीधे प्रमाणिक जानकारी मिलने से भ्रांतियां भी दूर हुई हैं।


Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads