छत्तीसगढ़ के लिए आज ऐतिहासिक दिन : 200 से ज्यादा माओवादी आज करेंगे आत्मसमर्पण
छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार एक साथ 200 से अधिक माओवादी अपने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होने जा रहे हैं. छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सल उन्मूलन के मामले में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है. आज यहां माड़ इलाके के 200 से ज्यादा नक्सली सीएम विष्णु देव साय के सामने सरेंडर करेंगे. इनमें नक्सलियों के उत्तर पश्चिम सब जोनल प्रभारी रूपेश सहित कई बड़े कैडर के नक्सली शामिल हैं. यह ऐतिहासिक घटना जगदलपुर के पुलिस लाइन में होगी, जहां माओवादी आत्मसमर्पण करेंगे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गृह मंत्री और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और सुरक्षा बल के जवान मौजूद रहेंगे. यह कदम न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि इसमें कई बड़े माओवादी कैडर भी शामिल हैं. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शासन ने न केवल सुरक्षा मोर्चे पर ठोस पहल की है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों, संचार और आजीविका से जुड़े विकास कार्यों के माध्यम से स्थायी शांति की आधारभूमि भी तैयार की है. यह सफलता पुलिस और सुरक्षा बलों की रणनीतिक मुहिम, स्थानीय प्रशासन के समन्वित प्रयासों, तथा जागरूक समाज और जनप्रतिनिधियों की रचनात्मक भागीदारी का भी परिणाम है.
छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में माओवाद लंबे समय से एक गंभीर समस्या रहा है. घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों में सक्रिय माओवादी समूह हिंसक गतिविधियों के जरिए स्थानीय लोगों और सरकार के बीच डर का माहौल बनाते रहे हैं. इनके हमलों में कई निर्दोष लोग और सुरक्षा बलों के जवान अपनी जान गंवा चुके हैं. माओवादियों का प्रभाव बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा जैसे इलाकों में रहा है, जहां वे विकास कार्यों को बाधित करते हैं और स्थानीय लोगों को भयभीत करते हैं. छत्तीसगढ़ सरकार और केंद्र सरकार ने माओवाद को खत्म करने के लिए कई रणनीतियां अपनाई हैं. इनमें सैन्य कार्रवाई के साथ-साथ आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीतियां शामिल हैं. सरकार ने माओवादियों को मुख्यधारा में लाने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं, जैसे रोजगार, शिक्षा और आर्थिक सहायता. बस्तर में “नियद नेल्लानार” (आपका अच्छा गांव) जैसी योजनाओं के तहत ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है. इसके अलावा, पुलिस और सुरक्षा बलों की सक्रियता ने माओवादियों पर दबाव बढ़ाया है, जिसके चलते कई लोग अब हिंसा का रास्ता छोड़ रहे हैं.
200 से अधिक माओवादियों का आत्मसमर्पण इस दिशा में एक बड़ा कदम है. इनमें कई बड़े कैडर के माओवादी शामिल हैं, जो संगठन के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे. यह आत्मसमर्पण न केवल माओवादी आंदोलन को कमजोर करेगा, बल्कि बस्तर में शांति और विकास की संभावनाओं को भी बढ़ाएगा. सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को नई जिंदगी शुरू करने के लिए सहायता दी जाएगी.
