सरकारी कर्मचारियों को दीपावली से पहले मिलेगा अक्टूबर माह का वेतन, साय सरकार ने दी बड़ी सौगात
छत्तीसगढ़ सरकार ने दीपावली पर्व पर प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। शासन ने अक्टूबर माह का वेतन अग्रिम भुगतान करने का निर्णय लिया है। कर्मचारियों को 17 और 18 अक्टूबर को वेतन का भुगतान किया जाएगा। सीएम साय ने इसको लेकर जानकारी साझा की है। वित्त विभाग ने भी इस संबंध में समस्त विभागाध्यक्ष और कलेक्टर्स को आदेश जारी किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसको लेकर एक्स (Twitter) पर पोस्ट करते हुए लिखा, दीपावली के शुभ अवसर पर आप सभी शासकीय कर्मचारियों और उनके परिवारों को मेरी अग्रिम शुभकामनाएं। आप सभी के परिश्रम, निष्ठा और समर्पण से ही छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। त्योहार की खुशियों में कोई कमी न रहे, इसी भावना से राज्य शासन ने निर्णय लिया है कि माह अक्टूबर 2025 का वेतन 17 एवं 18 अक्टूबर को अग्रिम रूप से भुगतान किया जाएगा। छत्तीसगढ़ सरकार के इस निर्णय से करीब 5 लाख से ज्यादा शासकीय कर्मचारियों को लाभ मिलेगा. वेतन के अग्रिम भुगतान से बाजार में त्योहारी खरीदारी को भी रफ्तार मिलेगी. कर्मचारियों ने इस फैसले को “सरकार का सच्चा दिवाली बोनस” बताया है.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा मेरे लिए शासन केवल तंत्र नहीं, बल्कि उन कर्मठ साथियों का परिवार है जो पूरे मन से जनता की सेवा में लगे हैं। दीपावली पूर्व अग्रिम वेतन भुगतान का यह निर्णय उसी आत्मीयता का प्रतीक है, सरकार अपने हर साथी की खुशियों में सहभागी बने और हर घर में उजियारा तथा प्रसन्नता फैले। इस प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न करने के लिए राज्य के सभी कोषालय एवं उपकोषालय 18 अक्टूबर (शनिवार, अवकाश दिवस) को भी खुले रहेंगे, ताकि किसी कर्मचारी को वेतन प्राप्ति में कोई असुविधा न हो।
शासन का हर निर्णय अपने कर्मठ साथियों की खुशियों और सम्मान से जुड़ा है। दीपावली से पहले अग्रिम वेतन भुगतान उसी आत्मीय भावना का प्रतीक है, कि हर घर में उजियारा फैले, और हर हृदय में प्रसन्नता और विश्वास का दीप जले।
