किसानों के लिए बड़ी सौगात : डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने प्रदेश के पहले किसान रेस्ट हाऊस का किया लोकार्पण
किसानों के हित में एक और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए राज्य के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कवर्धा स्थित तहसील और एसडीएम कार्यालय परिसर में प्रदेश के पहले “बलराम सदन” का लोकार्पण किया। यह सदन विशेष रूप से उन किसानों के लिए बनाया गया है, जो सरकारी कामकाज के सिलसिले में तहसील या एसडीएम कार्यालय पहुंचते हैं और जिन्हें रुकने या ठहरने की आवश्यकता होती है। कवर्धा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत करते हुए नव निर्मित ‘बलराम सदन किसान रेस्ट हाऊस’ को किसानों को समर्पित किया। करीब 15 लाख रुपए की लागत से निर्मित यह किसान रेस्ट हाऊस पूरी तरह से सर्वसुविधायुक्त है। इसमें एसी युक्त कक्ष, ठंडा पेयजल के लिए वाटर कुलर, मनोरंजन के लिए टीवी, स्वच्छ शौचालय, बैठने की आरामदायक व्यवस्था, साफ-सफाई और जल सुविधा जैसी सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
किसानों की इसी वर्षों पुरानी मांग को डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने आज साकार रूप दिया। विजय शर्मा ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं। उनकी मेहनत के बल पर देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था चलती है। जब ऐसे किसान अपने काम से सरकारी दफ्तरों में आते हैं, तो उनके लिए एक सम्मानजनक ठहराव स्थल होना चाहिए। ‘बलराम सदन’ इसी सोच का परिणाम है। यह सिर्फ एक भवन नहीं, बल्कि किसानों के प्रति हमारी संवेदनशीलता और कर्तव्य भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कवर्धा के अलावा बोड़ला, सहसपुर लोहारा व भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने में भी बलराम सदन किसान रेस्ट हाउस का निर्माण किया जा रहा है। बलराम सदन किसान रेस्ट हाऊस को न केवल कवर्धा बल्कि पूरे प्रदेश में किसान सुविधा केंद्र के रूप में देखा जा रहा है। इस मॉडल को अन्य जिलों में भी लागू करने की योजना बनाई जा रही है।