महाकुंभ स्नान के लिए विष्णुदेव कैबिनेट का प्रयागराज दौरा, त्रिवेणी संग में लगाएंगे पवित्र डुबकी
छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय गुरुवार को अपनी कैबिनेट के साथ महाकुंभ में स्नान के लिए प्रयागराज रवाना हुए। विधानसभा अध्यक्ष के निमंत्रण में सभी महाकुंभ स्नान के लिए गए हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ प्रयागराज महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाने के लिए स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट माना रायपुर से रवाना हुए। इस दौरान सीएम साय के साथ प्रदेश के राज्यपाल रमेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह और उनकी पत्नी भी प्रयागराज के लिए रवाना हुईं।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सभी विधायक, सांसदों और कैबिनेट मंत्रियों से साथ कुंभ स्नान के लिए रवाना हुए। हालांकि छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने साफ किया था कि जो विधायक कुंभ स्नान के लिए जाना चाहते हैं वह जा सकते हैं क्योंकि यह राजनीति का विषय नहीं आस्था का विषय है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पूरी कैबिनेट, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, राज्यपाल रमेन डेका सहित कई विधायक महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गए हैं. सभी नेता अपनी पत्नी और परिवार के साथ प्रयागराज दौरे पर हैं. वे त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान करेंगे और प्रदेश की सुख समृद्धि और जनकल्याण के लिए प्रार्थना करेंगे.
प्रयागराज रवाना होने से पहले सीएम विष्णुदेव साय ने एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा की। सीएम ने कहा- आज प्रयागराज महाकुंभ के त्रिवेणी संगम में पुण्य स्नान का लाभ प्राप्त होगा। इस पुनीत अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना करूंगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ उनकी पत्नी भी प्रयागराज गई हैं। इसके अलावा राज्यपाल रमेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक और उनके परिवार के सदस्य इस यात्रा में शामिल हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने बनाई थी दूरी
विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने राज्य के सभी विधायक, सांसदों को लेटर लिखकर गंगा स्नान करने का निमंत्रण दिया था। विधानसभा अध्यक्ष के निमंत्रण पर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत समेत बाकी कांग्रेस विधायकों ने दूरी बना ली थी। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा था कि कांग्रेस के ज्यादातर विधायक पहले ही कुंभ स्नान कर लौट चुके हैं। दीपक बैज के इस बयान के बाद सीएम साय ने दावा किया था कि हमारे साथ कांग्रेस के कई विधायक गंगा स्नान करने के लिए जा रहे हैं।