रोचक हुआ कोरबा का चुनावी संग्राम, बीजेपी और कांग्रेस की महिला प्रत्याशी आमने-सामने
भाजपा की महिला प्रत्याशी सरोज पांडेय के खिलाफ उतरीं ज्योत्सना महंत
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने 39 सीटों पर प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें छत्तीसगढ़ राज्य के 6 लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं। कोरबा से वर्तमान सांसद ज्योत्सना महंत पर पार्टी ने फिर से विश्वास जताया है। उन्हें दोबारा टिकट दिया गया है। अब वो भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडेय के सामने चुनावी रण में उतरेगी। यहां से संभवत: पहली बार महिला प्रत्याशी के खिलाफ महिला प्रत्याशी टक्कर देती नजर आएगी। पहली बार सरोज पांडेय दुर्ग की जगह इस बार कोरबार से लोकसभा चुनाव लड़ रही है। ऐसे में यहां का चुनावी संग्राम रोचक हो गया है। इस सीट पर अब सबकी नजर रहेगी।
2019 के चुनाव में ज्योत्सना महंत ने भाजपा उम्मीदवार ज्योतिनंद दुबे को पराजित कर सांसद का ओहदा हासिल किया था। उस दौरान कोरबा लोकसभा के अंतर्गत आने वाली रामपुर और पाली तानाखार विधानसभा क्षेत्र ने ज्योत्सना महंत को जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस भाजपा के मुकाबले 98 हजार 194 वोटों से पीछे रही। भाजपा को छह सीटों पर बढ़त मिली, जबकि कांग्रेस केवल रामपुर विधानसभा क्षेत्र में जीत सकी। डा. सरोज पाण्डेय टिकट मिलने के दूसरे दिन कोरबा में कहा था कि मैदान पर कांग्रेस है ही नहीं। दूसरी ज्योत्सना महंत भी सरोज पाण्डेय को कोई चुनौती नहीं मान रही हैं।
भाजपा को विधानसभा चुनाव में मिली है 6 सीटों पर बढ़त
भाजपा छत्तीसगढ़ राज्य की सभी 11 सीटों पर विजय का परचम लहराने की जुगत में है। कोरबा लोकसभा एक ऐसी सीट, जिसे 2019 के चुनाव में भाजपा ने गंवा दिया था। बीते साल हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कोरबा लोकसभा के अंतर्गत आने वाली आठ में छह सीटों पर जीत हासिल की। भाजपा ने कोरबा जिले में स्थित चार विधानसभा में कोरबा, कटघोरा को जीता। पार्टी को कोरबा से 25,629 तथा कटघोरा से 16,900 मतों की बढ़त मिली। भाजपा ने कोरिया जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर कब्जा किया। पार्टी को भरतपुर- सोनहत से 14,919, बैकुंठपुर से 25,413 एवं मनेन्द्रगढ़ से 11,880 वोटों के अंतर जीत मिली। बिलासपुर जिले की मरवाही सीट पर भाजपा ने 12,078 वोटों की बढ़त हासिल की। इन छह सीटों पर भाजपा की कुल बढ़त 96 हजार 819 मतों की रही। भाजपा के मुकाबले कांग्रेस 98 हजार 194 वोटों से पीछे रही। कांग्रेस को केवल कोरबा जिले की रामपुर सीट पर ही जीत मिली। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने पाली तानाखार क्षेत्र अपने नाम किया। भाजपा ने मिली 96 हजार 819 मतों की बढ़त की बदौलत आस लगी रखी है कि लोकसभा चुनाव में पार्टी जीत का परचम लहराएगी।
दो बार कांग्रेस, एक बार भाजपा ने जीती है सीट
कोरबा लोकसभा क्षेत्र के लिए अब तक तीन बार 2009, 2014, 2019 में चुनाव हुए हैं। इसमें 2009 और 2019 का चुनाव कांग्रेस के उम्मीदवार डा. चरणदास महंत और ज्योत्सना महंत ने जीता। 2014 में भाजपा के डा. बंशीलाल महतो को विजय मिली थी। छतीसगढ़ में कोरबा व जगदलपुर लोकसभा सीट पर भाजपा को 2019 के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।
ज्योत्सना महंत का सियासी सफर
सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत का जन्म वर्ष 18 नवंबर 1953 को हुआ। वे एमएससी (प्राणी शास्त्र) की शिक्षा प्राप्त हैं। उनकी समाजसेवा और जनचेतना के कार्यों में प्रारंभ से रुचि रही है।
25 वर्षों से वो जनसेवा के कार्य में लगी हैं और राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाया है। वे अपने ससुर और छत्तीसगढ़ राज्य के स्वप्रदृष्टा स्व. बिसाहू दास महंत और पति छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. चरणदास महंत को अपना राजनैतिक आदर्श और प्रेरणास्त्रोत मानती हैं।