छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी बीजेपी, चलेगा डबल इंजन का फार्मूला
भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में सत्ता हासिल करने के बाद अब लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार के लिए लोकसभा की सभी 11 सीटें जीतने के लिए कार्यकर्ताओं को मंत्र दिया जा रहा है। इसमें भाजपा ने सभी सातों मोर्चे को मैदान में उतार दिया है। भाजपा युवा मोर्चा को युवाओं को साधने और महिला मोर्चा को महिलाओं और युवतियों को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई है। इसी अभियान के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश के सभी जिलों में युवा मतदाता भारत का भाग्य विधाता कार्यक्रम चलाने वाली है। राज्य सरकार की मोदी की गारंटी के काम और केंद्र सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का काम होगा। छत्तीसगढ़ में भाजपा विधानसभा चुनाव के बाद अब लोकसभा चुनाव में फोकस कर रही है। इसके साथ ही युवा वोटर को साधने की कमान युवा मोर्चा संभालते हुए नजर आ रही है। इस अभियान के तहत BJP युवा मोर्चा , मंडल सशक्तिकरण अभियान चलाएगी। सभी जिलों में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित करेगी। साथ ही नमो ऐप डाउनलोड करवाकर युवाओं को जोड़ने का काम किया जाएगा। पार्टी ने कहा है कि 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा हो रही है। सैकड़ों वर्षों के सतत संघर्ष के बाद राष्ट्रीय स्वाभिमान व गौरव के इस क्षण के हम साक्षी बनने जा रहे हैं। यह हमारा सौभाग्य है और इसलिए यह महोत्सव हम सब दीपोत्सव के रूप में मनाएं।
जनता के बीच जाएंगे
केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लेकर एक बार फिर जनता के बीच जाएंगे। मोदी की गारंटी: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार की ‘मोदी की गारंटी’ पर किए जा रहे कामों पर व्यापक चर्चा करेंगे।
जहां नहीं जीती भाजपा वहां बनेगी रणनीति
ऐसे में आगे भी डबल इंजन की सरकार के लिए लोकसभा की सभी 11 सीटें जीतने के लिए कार्यकर्ताओं को मंत्र दिया जा रहा है।लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बैठक हुई। जिन विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी को विजय प्राप्त नहीं हुई, उन स्थानों पर लोकसभा चुनाव में पार्टी को बढ़त दिलाने की कार्ययोजना बनी है। इसके अलावा जिन जगहों पर भाजपा को हार मिली है, वहां अधिक फोकस करने की रणनीति है।