पं. प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम में भगदड़ जैसे हालात, शिवपुराण कथा सुनने उमड़े भक्त, देशभर से करीब 10 लाख लोग पहुंचे
सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में एक बार फिर शिव पुराण कथा की पावन धारा बहने जा रही है. इस साल महाशिवरात्रि पर गुरुवार 16 फरवरी से रुद्राक्ष महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है मशहूर कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा शिवपुराण कथा का वाचन करेंगे. कुबेरेश्वर धाम शिवमय होने के साथ ही हर-हर महादेव और बम भोले के जयकारों से गूंज उठा है, रुद्राक्ष महोत्सव को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है.
मध्यप्रदेश में कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में रुद्राक्ष महोत्सव के पहले दिन भारी भीड़ के कारण हालात बेकाबू हो गए। रुद्राक्ष लेने के चक्कर में भगदड़ जैसी स्थिति बनी हुई है। एक महिला की मौत हो गई। भीड़ इतनी है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। रुद्राक्ष पाने में नाकाम लोग पंडित मिश्रा के खिलाफ नारे लगाते हुए लौट रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का महोत्सव स्थल का दौरा भी निरस्त कर दिया गया है। इस वक्त महोत्सव में करीब 10 लाख लोगों के मौेजूद होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इतनी भीड़ को देखते हुए सारे इंतजाम फेल हो गए हैं।
अधिक भीड़ होने के कारण मोबाइल नेटवर्क भी काम नहीं कर पा रहे। पुलिस और प्रशासन की टीम के अलावा RSS, बजरंग दल, स्थानीय लोग, समिति सदस्य सहित कुल 15000 लोग व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। इनकी ड्यूटियां कथा पंडाल, भोजन पंडाल, रुद्राक्ष वितरण केंद्र पर लगी हुई है।
तीन महिलाएं लापता हो गईं हैं। एक महिला छत्तीसगढ़ के भिलाई से आई हैं, दूसरी राजस्थान के गंगापुर की रहने वाली हैं, तीसरी महाराष्ट्र के बुलढाणा की रहने वाली महिला भी लापता है। सुबह 10 बजे तक 5 लाख श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष बांटे गए। एक दिन पहले भी डेढ़ लाख रुद्राक्ष बांटे गए थे। 40 काउंटर से रुद्राक्ष बांटे जा रहे हैं।
भीड़ देखते हुए डेढ़ लाख रुद्राक्ष एक दिन पहले बांटे
भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए धाम में पं. प्रदीप मिश्रा ने बुधवार को रुद्राक्ष वितरण शुरू कर दिया था। समिति ने 20 काउंटर्स से श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष बांटे। बुधवार शाम तक करीब डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष दिए गए।
देश के अलग-अलग राज्यों से आ रहे भक्त
शहर में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए क्षेत्रवासी लगे हैं। सेवा करने जिले और आस-पास के क्षेत्रों से कई संगठन आगे आए हैं। जिस कारण शहर शिवमय हो गया है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने आधा दर्जन से अधिक यात्री बस को भक्तों की सेवा में लगाया है। बुधवार को कुबेरेश्वर धाम महादेव के दर्शन करने के लिए 2 किमी लंबी लाइनें लगी हैं। महोत्सव में मध्यप्रदेश के अलावा हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र सहित देश के अन्य राज्यों से भक्त आ रहे हैं।
