सूरज की ऊर्जा से रोशन हो रहे बीजापुर के सुदूर गांव, अंधेरे से मिली राहत,ग्रामीणों के लिए आवागमन हुआ आसान और सुरक्षित - CGKIRAN

सूरज की ऊर्जा से रोशन हो रहे बीजापुर के सुदूर गांव, अंधेरे से मिली राहत,ग्रामीणों के लिए आवागमन हुआ आसान और सुरक्षित


जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ अब गांवों की रातें भी सौर ऊर्जा की रोशनी से जगमगाने लगी हैं। विशेष रूप से नियद नेल्लानार से जुड़े गांवों के चौक-चौराहों, बाजारों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सोलर हाई मास्ट स्थापित किए जा रहे हैं। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को अंधेरे से राहत मिलने के साथ रात्रिकालीन आवागमन अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित हो रहा है।

जहां पहले था अंधेरा, अब वहां फैल रही सौर रोशनी- सुदूर गांवों में पहले चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को रात में आवागमन के दौरान परेशानी होती थी। विशेषकर बारिश के दिनों में अंधेरे के कारण सांप-बिच्छू एवं अन्य जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता था। अब सोलर हाई मास्ट लगने से इन स्थानों पर पर्याप्त रोशनी उपलब्ध हो रही है। बाजार और सार्वजनिक स्थल भी रात के समय रोशन रहने लगे हैं, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।

बेलनार में 9 मीटर ऊंचे पोल से रोशन होगा चौक- ग्राम बेलनार में स्थापित किए जा रहे सोलर हाई मास्ट में 9 मीटर ऊंचा स्टैंड-अलोन पोल लगाया जा रहा है। इसमें 1200 वॉट क्षमता के सोलर मॉड्यूल के साथ 30 वॉट क्षमता की 6 एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं। इन लाइटों से चौक एवं आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त सफेद रोशनी उपलब्ध होगी।

सूरज ढलते ही स्वतः जलेगी लाइट, सुबह अपने आप होगी बंद- सोलर हाई मास्ट की खासियत इसकी डस्क-टू-डॉन तकनीक है। सूर्यास्त होते ही लाइट स्वतः चालू हो जाती है और सुबह सूर्य का प्रकाश आने पर अपने आप बंद हो जाती है। पूरी व्यवस्था सौर ऊर्जा से संचालित होने के कारण इसके लिए परंपरागत बिजली आपूर्ति की आवश्यकता नहीं पड़ती। इससे ग्राम पंचायत अथवा नगरीय निकायों पर बिजली बिल का अतिरिक्त आर्थिक भार भी नहीं पड़ता। पर्यावरण अनुकूल सौर ऊर्जा का उपयोग करते हुए यह व्यवस्था दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में स्थायी प्रकाश सुविधा उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रही है।

सौर ऊर्जा से गांवों में बढ़ रही सुविधा और सुरक्षा- सोलर हाई मास्ट की स्थापना केवल प्रकाश व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण जीवन में सुविधा और सुरक्षा का भी विस्तार कर रही है। रात में गांव के प्रमुख स्थानों पर रोशनी उपलब्ध होने से ग्रामीणों को आवागमन में आसानी हो रही है। साथ ही सौर ऊर्जा के उपयोग से स्वच्छ एवं टिकाऊ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिल रहा है। नियद नेल्लानार के सुदूर गांवों में स्थापित हो रहे सोलर हाई मास्ट विकास की उस नई रोशनी के प्रतीक बन रहे हैं, जो अंधेरे को दूर करने के साथ ग्रामीणों के जीवन को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बना रही है। 

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads