बस्तर ओलंपिकके लिए पंजीयन शुरू : नक्सल मुक्त होने के बाद पहला आयोजन,मंत्री कश्यप बोले खिलाड़ियों में है भरी उत्साह
बस्तर ओलंपिक 2026 के तीसरे संस्करण के लिए 1 अक्टूबर से पंजीयन शुरू हो गया है। खिलाड़ी 30 अक्टूबर तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। आयोजन को लेकर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि बस्तर के युवाओं और खिलाड़ियों में इस बार काफी उत्साह है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार बस्तर ओलंपिक में पिछले दोनों संस्करणों की तुलना में ज्यादा खिलाड़ी पंजीयन कराएंगे।बस्तर ओलंपिक की शुरुआत वर्ष 2024 में हुई थी। पहले संस्करण में करीब 1.65 लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था। वर्ष 2025 में दूसरे संस्करण में यह संख्या बढ़कर 3.91 लाख तक पहुंच गई। अब तीसरे संस्करण में भागीदारी का नया आंकड़ा सामने आने की उम्मीद है।
इस बार पंजीयन के सारे रिकार्ड टूटेंगे : कश्यप
मंत्री केदार कश्यप का कहना है कि, 31 मार्च 2026 को नक्सलवाद बस्तर से समाप्त हो गया है, यूँ तो बस्तर ओलम्पिक का यह तीसरा संस्करण है। लेकिन माओवाद समाप्त होने के बाद पहली बार बस्तर ओलम्पिक होने जा रहा है। इसके लिए पंजीयन की प्रकिया शुरु हो गई है। प्रथम वर्ष में 1 लाख 65 हजार खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, वहीं दूसरे वर्ष में 3 लाख 91 हजार खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, वहीं अब इस साल खिलाड़ियों के उत्साह से यह आंकड़ा भी पार होने का अनुमान वन मंत्री केदार कश्यप ने लगाया है।
ब्लाक स्तरीय प्रतियोगिताएं 1 से 13 नवम्बर तक
जानकारी के मुताबिक विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएं 1 नवम्बर से 13 नवम्बर तक, जिला स्तर की प्रतियोगिताएं 16 नवम्बर से 25 नवम्बर तक व संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं 7 दिसम्बर से 11 दिसम्बर तक प्रस्तावित हैं, बस्तर ओलंपिक के अंतर्गत एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर व 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले रेस शामिल हैं।
हॉकी और वेटलिफ्टिंग का सीधे जिलास्तर पर आयोजन
तीरंदाजी (30 मीटर व 50 मीटर), बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल की भी स्पर्धाएं होंगी। हॉकी और वेटलिफ्टिंग का आयोजन सीधे जिला स्तर पर किया जाएगा, वहीं सीनियर महिला वर्ग के लिए रस्साकसी को प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में शामिल किया गया है।
