डिजिटल युग की नई पहल - स्किल डेवलपमेंट और ब्रांडिंग पर रहेगा जोर - CGKIRAN

डिजिटल युग की नई पहल - स्किल डेवलपमेंट और ब्रांडिंग पर रहेगा जोर


छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और युवाओं की प्रतिभा को डिजिटल मंचों के जरिए वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से धमतरी जिला प्रशासन एक अनूठी पहल करने जा रहा है। (युवा स्किल अपग्रेडेशन एंड वैल्यू एडिशन) अभियान के अंतर्गत आगामी 5 और 6 सितंबर को दो दिवसीय ‘मॉनसून क्रिएटर्स मीट-अप’ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में प्रदेश भर के युवा डिजिटल क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और वीडियोग्राफर्स एक मंच पर एकत्र होंगे, जहां वे अपनी कला को निखारने के साथ-साथ एक-दूसरे के अनुभवों से सीख सकेंगे।

प्रदेश के चर्चित डिजिटल चेहरे साझा करेंगे अनुभव

दो दिवसीय इस समागम में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से जाने-पहचाने डिजिटल क्रिएटर्स हिस्सा ले रहे हैं। इनमें बस्तर से विशाल सागर, बिलासपुर से दीपक पटेल, जगदलपुर से शुभम, दुर्ग से अनुपम सिन्हा तथा धमतरी के खिलेश्वर एवं दोमेन्द्र निषाद प्रमुख हैं। ये सभी युवा मीट-अप में अपनी सफलता की कहानियां और तकनीकी अनुभव साझा करेंगे।

स्थानीय पर्यटन और संस्कृति को मिलेगी वैश्विक पहचान

इस मीट-अप का मुख्य उद्देश्य युवाओं को डिजिटल माध्यमों के सकारात्मक और रचनात्मक उपयोग के लिए प्रेरित करना है। इसके माध्यम से धमतरी के प्राकृतिक सौंदर्य, विश्वप्रसिद्ध गंगरेल जलाशय, वनांचल की लोक-परंपराओं और स्थानीय विकास गाथाओं को दुनिया के सामने नए और आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा।

आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को निम्नलिखित विषयों पर विशेषज्ञों से सीखने और समझने का अवसर मिलेगा। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन और प्रभावी स्टोरीटेलिंग, वीडियोग्राफी की बारीकियां, पर्सनल ब्रांडिंग और सोशल मीडिया एल्गोरिदम, प्रशासन का मानना है कि इस नेटवर्किंग आयोजन से युवाओं में डिजिटल उद्यमिता और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।

कलेक्टर का वक्तव्य और पंजीयन की जानकारी

कलेक्टर ने इस पहल को युवाओं की प्रतिभा को तराशने का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि युवाओं की तकनीकी दक्षता और नवाचार ही विकास का असली आधार हैं। यह आयोजन प्रदेश की प्रतिभाओं को वैश्विक पहचान दिलाने का महाअभियान साबित होगा। जिला प्रशासन ने राज्य के सभी डिजिटल स्टोरीटेलर्स और युवा क्रिएटर्स को इस मीट-अप में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। इच्छुक प्रतिभागी जानकारी और पंजीयन के लिए मोबाइल नंबर $91 78060 83218 पर संपर्क कर सकते हैं।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads