छत्तीसगढ़ में बन रहा सड़कों का मजबूत नेटवर्क: 6 जिलों की बदलेगी तस्वीर...व्यापार को मिलेगी नई रफ्तार, 3 राज्यों से बढ़ेगी कनेक्टिविटी - CGKIRAN

छत्तीसगढ़ में बन रहा सड़कों का मजबूत नेटवर्क: 6 जिलों की बदलेगी तस्वीर...व्यापार को मिलेगी नई रफ्तार, 3 राज्यों से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

 


छत्तीसगढ़ और झारखंड के मध्य निर्माणाधीन रायपुर-धनबाद एक्सप्रेसवे दोनों राज्यों के लिए एक बड़ा गेमचेंजर साबित होने जा रहा है। इस आधुनिक एक्सप्रेसवे के चालू हो जाने से रायपुर से रांची की यात्रा महज 7 घंटे में पूरी की जा सकेगी, जबकि रायपुर से धनबाद पहुंचने में अब मात्र 8 से 9 घंटे का समय लगेगा। लगभग 707 किलोमीटर लंबे इस विशाल सड़क नेटवर्क का निर्माण विभिन्न चरणों में तेजी से किया जा रहा है। इस राजमार्ग के शुरू होने से छत्तीसगढ़ का ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल जैसे पड़ोसी राज्यों से सड़क संपर्क बेहद मजबूत और त्वरित हो जाएगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की भारी बचत होगी।

707 किलोमीटर की इस पूरी परियोजना में से 384 किलोमीटर का बड़ा हिस्सा छत्तीसगढ़ राज्य के भीतर आ रहा है। प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने पत्थलगांव-कुनकुरी से छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा तक एनएच-43 पर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया है।

यह सड़क मार्ग सीधे तौर पर रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़ और कोरबा जैसे बड़े औद्योगिक शहरों को झारखंड के धनबाद से जोड़ देगा। इसमें रायपुर से बिलासपुर के पुराने रास्ते को 6-लेन में अपग्रेड किया जा रहा है, जबकि बिलासपुर के आगे 104.25 किलोमीटर का हिस्सा पूरी तरह से नया (ग्रीनफील्ड) रूट तैयार किया जा रहा है।

100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी गाड़ियां

पुराने घुमावदार और व्यस्त रास्तों के स्थान पर तैयार हो रहा यह एक्सप्रेसवे पूरी तरह से एक्सेस-कंट्रोल्ड होगा, जहां 100 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से वाहन फर्राटा भर सकेंगे। वर्तमान में रायपुर से धनबाद की दूरी तय करने में 14 से 16 घंटे लग जाते हैं, जो नया एक्सप्रेसवे बनने पर घटकर 8 से 9 घंटे ही रह जाएगी।

रायपुर से रांची की दूरी में समय आधा रहेगा

रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर (EC-07) के अस्तित्व में आने से छत्तीसगढ़ और झारखंड की राजधानियों के बीच आवागमन काफी सुगम होने वाला है। वर्तमान समय में टू-लेन रास्तों की वजह से दोनों शहरों का सफर तय करने में 13 से 14 घंटे लग जाते हैं। नया एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड मार्ग बनने के बाद दूरी में करीब 30 किलोमीटर की कमी आएगी और यह यात्रा केवल 7 घंटे में सिमट जाएगी।

तीन राज्यों तक बढ़ेगा व्यावसायिक संपर्क

यह एक्सप्रेसवे छत्तीसगढ़ में रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, पत्थलगांव, कुनकुरी और जशपुर से होते हुए झारखंड के गुमला, रांची, बोकारो और धनबाद तक विस्तारित होगा। इसके साथ ही यह मार्ग आगे जाकर ओडिशा और पश्चिम बंगाल की सीमाओं को भी जोड़ेगा, जिससे अंतरराज्यीय व्यापार को नई गति मिलेगी।


Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads