सौर ऊर्जा ने बदली घर की तस्वीर,आर्थिक बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा - CGKIRAN

सौर ऊर्जा ने बदली घर की तस्वीर,आर्थिक बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा

 


प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जिले में लोगों को स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा की ओर प्रेरित करने के साथ ही उनके घरेलू बिजली खर्च को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना से लाभान्वित ग्राम खैरनावापारा, कनक नगर, छुईखदान निवासी श्री दिवाकर लोधी ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित कर सौर ऊर्जा को अपनाया है।

सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित होने से पहले श्री दिवाकर लोधी के घर का बिजली बिल लगभग ₹1,200 प्रतिमाह आता था। सोलर सिस्टम लगने के बाद उनके बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है और वर्तमान में उनका बिजली बिल शून्य हो गया है। इससे उन्हें हर महीने घरेलू बजट में सीधी बचत हो रही है।

श्री लोधी के सोलर सिस्टम से अब तक 203 यूनिट बिजली का उत्पादन हो चुका है। इसके एवज में उन्हें ₹510 का सोलर रिबेट भी प्राप्त हुआ है। इस प्रकार योजना ने उनके लिए बिजली की बचत के साथ अतिरिक्त आर्थिक लाभ का रास्ता भी खोला है।

सौर ऊर्जा अपनाने से श्री लोधी को आर्थिक लाभ के साथ पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का अवसर भी मिला है। उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा का बेहतर माध्यम है। घर की छत पर सोलर प्लांट लगाकर वे अपनी बिजली की जरूरतों को पूरा करने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी योगदान दे रहे हैं।

श्री दिवाकर लोधी अब अपने आसपास के लोगों को भी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। वे लोगों से अपने घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराने की अपील करते हुए बताते हैं कि इससे बिजली खर्च में बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है।

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से आम नागरिकों को अपने घरों पर सौर ऊर्जा उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। दिवाकर लोधी का अनुभव इस बात का उदाहरण है कि सोलर रूफटॉप सिस्टम अपनाकर परिवार बिजली खर्च में बचत करने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads