लखपति दीदी पहल से महिलाओं को मिला स्वरोजगा - महिलाओं के हुनर की कलेक्टर ने की सराहना, खरीदी धान की राखी - CGKIRAN

लखपति दीदी पहल से महिलाओं को मिला स्वरोजगा - महिलाओं के हुनर की कलेक्टर ने की सराहना, खरीदी धान की राखी


जिले की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से लखपति दीदी पहल के अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), कोंडागांव द्वारा महिलाओं को राखी निर्माण का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को स्थानीय एवं प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग कर आकर्षक, गुणवत्तापूर्ण और बाजार में बिक्री योग्य राखियां तैयार करने का हुनर सिखाया गया।

प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं द्वारा तैयार राखियों को बाजार उपलब्ध कराने और उनके उत्पादों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला कार्यालय परिसर में राखी बिक्री स्टॉल लगाया गया। स्टॉल में बिहान समूह की महिलाओं द्वारा तैयार विभिन्न प्रकार की राखियों को प्रदर्शित किया गया। स्थानीय सामग्री से तैयार इन राखियों ने स्टॉल पर आने वाले लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

जिला कार्यालय पहुंचे अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित अन्य लोगों ने स्टॉल का अवलोकन किया और महिलाओं द्वारा तैयार राखियों की खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने भी स्टॉल का अवलोकन करते हुए राखियां खरीदीं। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों से तैयार की गई धान की राखी भी खरीदी और महिलाओं के प्रयासों की सराहना की।

राखी निर्माण जैसे प्रशिक्षण से महिलाओं को न केवल एक नया कौशल प्राप्त हो रहा है, बल्कि वे अपने उत्पादों को स्थानीय बाजार में बेचकर अतिरिक्त आय अर्जित करने की दिशा में भी आगे बढ़ रही हैं। बिहान समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने से उनके स्वरोजगार को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक कौशल के उपयोग को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। स्थानीय उत्पादों से निर्मित राखियां खरीदने के लिए शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज के पास स्थित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), कोण्डागांव कार्यालय में उपलब्ध हैं।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads