''बस्तर यात्रा के दूसरे दिन का शुभारंभ माँ दंतेश्वरी के आशीर्वाद के साथ'' - CGKIRAN

''बस्तर यात्रा के दूसरे दिन का शुभारंभ माँ दंतेश्वरी के आशीर्वाद के साथ''

 


स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, शांति और विकास का संदेश लेकर निकली ‘बस्तर तिरंगा यात्रा-2026’ के द्वितीय दिवस का शुभारंभ आज दंतेवाड़ा स्थित बस्तर की ईष्ट देवी मां दंतेश्वरी के मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुआ। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा तथा वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने मां दंतेश्वरी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बस्तर अंचल और राज्य की खुशहाली, शांति, समृद्धि एवं निरंतर विकास की कामना की। मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने तिरंगा यात्रा के द्वितीय दिवस की यात्रा को आगे बढ़ाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बस्तर की धरती शौर्य, आस्था और त्याग की धरती है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य बस्तर के उन क्षेत्रों तक राष्ट्रभक्ति और विकास का संदेश पहुंचाना है, जहां कभी नक्सलवाद का प्रभाव रहा है। तिरंगा देश की एकता, अखंडता, शांति और विकास का प्रतीक है।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि दंतेवाड़ा जिले के 211 सर्वोच्च बलिदानी वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि बस्तर की जनता, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के अमूल्य सहयोग से आज नक्सलवाद का खात्मा संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा उन क्षेत्रों से गुजर रही है, जहां कभी नक्सल आतंक के कारण पहुंचना भी मुश्किल था। आज उन्हीं क्षेत्रों में पूरे गौरव और उत्साह के साथ तिरंगा लहराया जा रहा है।

वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने की हर घर तिरंगा लगाने की अपील

वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए आमजनों से अपने घरों में तिरंगा लगाने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता निभाने की अपील की।

सांसद श्री महेश कश्यप ने बताया ऐतिहासिक गर्व का क्षण

बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह यात्रा उन क्षेत्रों से गुजर रही है, जहां कभी वीर जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था और नक्सल आतंक के चलते जहां किसी का पहुंचना संभव नहीं था। आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सफल मार्गदर्शन में नक्सलवाद का खात्मा हुआ है और इन क्षेत्रों में विकास तथा राष्ट्रभक्ति का नया वातावरण बना है।

इस दौरान विधायक श्री चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ओजस्वी मंडावी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, जनप्रतिनिधि श्री  सहित बस्तर आईजी श्री बद्रीनाथ मीणा, डीआईजी श्री कमलोचन कश्यप, कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव, पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह, डीएफओ श्री रामकृष्ण रंगनाथ वाय एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads