छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल, जो निरंतर मेहनत करता है, सफलता उसके चूमती है कदम - विधायक लता उसेंडी - CGKIRAN

छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल, जो निरंतर मेहनत करता है, सफलता उसके चूमती है कदम - विधायक लता उसेंडी


बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्राओं को विद्यालय तक आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत मंगलवार को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, तहसीलपारा कोंडागांव में छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने विद्यालय की 53 छात्राओं को साइकिल प्रदान की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि राज्य सरकार बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। सरस्वती साइकिल योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। साइकिल मिलने से दूर-दराज से विद्यालय आने वाली छात्राओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उन्हें स्कूल पहुंचने में होने वाली कठिनाइयां कम होंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य और आत्मनिर्भरता की नींव है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से समय पर विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें। विद्यार्थियों से कहा कि वे अभी से अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए पूरी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति संघर्ष करता है और निरंतर मेहनत करता है, सफलता उसके कदम चूमती है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप क्षेत्र का चयन कर उसी दिशा में निरंतर प्रयास करने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने श्रम विभाग द्वारा श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई में बाधा नहीं बननी चाहिए। राज्य सरकार द्वारा पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए छात्रवृत्ति एवं शिक्षा सहायता योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विद्यार्थियों और अभिभावकों को इन योजनाओं की पात्रता एवं प्रक्रिया की जानकारी लेकर पात्र होने पर लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के प्रथम दो बच्चों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके अलावा मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना भी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों की उच्च एवं मेधावी शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित है।

नगर पालिका कोंडागांव के अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि निःशुल्क साइकिल वितरण योजना दूर-दराज से विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा विद्यार्थियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न छात्रवृत्ति एवं शिक्षा सहायता योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विद्यार्थियों को इन योजनाओं की जानकारी रखनी चाहिए और पात्रता के अनुसार उनका लाभ लेना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री मेधावी छात्र योजना सहित शिक्षा से जुड़ी अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने लक्ष्य को सामने रखकर नियमित अध्ययन करें और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रयास करें। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की पढ़ाई के प्रति सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

साइकिल वितरण कार्यक्रम के पश्चात विद्यालय परिसर में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित शेड निर्माण कार्य का भूमि पूजन भी किया गया। शेड निर्माण से विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों को विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामूहिक गतिविधियों के आयोजन के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी।

इस अवसर पर श्री मनोज जैन, श्री जितेंद्र सुराना, श्री नागेश देवांगन, श्री बंटी नाग, पार्षद सुश्री सोनामणी पोयाम, एल्डरमेन श्रीमती रेखा साहू, पार्षद श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव, श्रीमती सुषमा खोबरागड़े, एल्डरमेन श्री ललित लुक्कड़, श्री प्रदीप साहू, श्री जगमोहन भोयर सहित विद्यालय के प्राचार्य,  शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads