भिलाई में 17 अगस्त से शिव महापुराण कथा का आयोजन, बारिश को देखते हुए वाटरप्रूफ डोम शेड - CGKIRAN

भिलाई में 17 अगस्त से शिव महापुराण कथा का आयोजन, बारिश को देखते हुए वाटरप्रूफ डोम शेड


 भिलाई के सेक्टर-6 स्थित सिविक सेंटर जयंती स्टेडियम मैदान में 17 अगस्त से 23 अगस्त तक सीहोर के सुप्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा. शिव महापुराण कथा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. आयोजन स्थल पर विशाल वाटरप्रूफ डोम शेड का निर्माण शुरू हो चुका है. कलेक्टर अभिजीत सिंह और एसएसपी विजय अग्रवाल ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ कथा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

कलेक्टर पुलिस अधिकारियों ने लिया कार्यक्रम स्थल का जायजा

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, प्रवेश और निकास द्वार, पार्किंग, आपातकालीन सेवाओं तथा भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इस दौरान भिलाई नगर निगम आयुक्त, एएसपी शोभराज अग्रवाल, सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी सहित प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

वहीं बोल बम सेवा समिति के अध्यक्ष दया सिंह ने बताया कि भूमि पूजन के बाद से ही आयोजन की तैयारियां लगातार जारी हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पांच विशाल वाटरप्रूफ डोम तैयार किए जा रहे हैं, जहां लाखों लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी. आयोजन को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है.

आयोजन स्थल पर पुलिस बल की तैनाती

दुर्ग शहर एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि 17 से 23 अगस्त तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन के लिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की विस्तृत योजना बनाई जा रही है. आयोजन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, सभी प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और आयोजकों को सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके.

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads