बारिश बनी आफत : स्कूलों में पानी भरने से छुट्टी घोषित, जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया आदेश
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है और इसका असर अब स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है। जिले के कई स्कूलों में बारिश का पानी भरने से जिला शिक्षा अधिकारी के नगरी ब्लाॅक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दिया है। गुजरा स्कूल का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें बच्चे घुटनों तक भरे पानी के बीच से गुजरते हुए स्कूल जाते दिखाई दे रहे हैं। लगातार बारिश और बिगड़ते मौसम को देखते हुए शिक्षा विभाग ने अवकाश घोषित किया है। वहीं, नगरी क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है।
सभी कलेक्टरों को सीएम ने किया अलर्ट
प्रदेश में जारी मूसलाधार के कारण नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में हालातों को देखते हुए जिलों में स्कूलों को बंद करने के आदेश जारी किए जा रहे हैं। दूसरी ओर आज मुख्यमंत्री दिल्ली जाने से पहले सभी जिला कलेक्टरों को बाढ़ के हालातों से निपटने के लिए अलर्ट किया। सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अगर किसी भी क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनती है तो जरूरतमंदों को त्वरित सहायता पहुंचाई जाएं।
सभी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
बंगाल की खाड़ी और आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र के मजबूत होने से पूरे प्रदेश में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले 48 घंटों के दौरान भी प्रदेश के कई इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है। बीते 24 घंटों में राज्य के सभी संभागों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है। रायपुर में 34.8 मिमी पानी गिरा, जबकि चांपा, जांजगीर, नगरी, राजिम और पिथौरा सहित कई क्षेत्रों में भारी बारिश हुई है। हालांकि व्यापक बारिश के बावजूद प्रदेश में अब तक औसत से 18 फीसदी कम पानी बरसा है, जिसे मौसम विज्ञानी सामान्य मान रहे हैं।
