रायपुर को मिली नई सौगात, 8 जून से शुरू होगी नई मिनी एसी बसें, मिलेगा आरामदायक सफर
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुलभ और मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया जा रहा है. आगामी 8 जून से शहर के प्रमुख मार्गों पर आठ नई मिनी-सिटी बसों का परिचालन शुरू किया जा रहा है. शहरवासियों को सोमवार से सार्वजनिक परिवहन की नई सुविधा मिलने जा रही है। एनजीओ (सीईईडब्ल्यू) के सहयोग से शहर में आठ मिनी एसी बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इन बसों के माध्यम से यात्रियों को किफायती दर पर आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा।
किराया और उद्देश्य
बसों में यात्रा के लिए लगभग दो रुपये प्रति किलोमीटर का किराया लगेगा। इन मिनी बसों का उद्देश्य शहर के भीतर आवागमन को सरल बनाना और निजी वाहनों पर निर्भरता कम करना है। बसों के संचालन से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। ये बसें शुरुआती दौर में सुबह साढ़े छह बजे से चलेंगी। ट्रायल के तौर पर बसें फिलहाल दो रूटों पर चलेंगी।
तय किए गए दो रूट
इसमें पहला रूट टाटीबंध चौक से शुरू होकर आमापारा होते हुए रेलवे स्टेशन तक रहेगा। वहीं दूसरा रूट अंतरराज्यीय बस स्टैंड भांटागांव से शुरू होकर संतोषी नगर चौक होते हुए पचपेड़ी नाका चौक, सिद्धार्थ चौक, कालीबाड़ी और घड़ी चौक से रेलवे स्टेशन तक का है।
45 दिन के ट्रायल के तौर पर शुरू हो रही इस सुविधा के तहत इन रूटों पर बसें 20 से 30 मिनट के अंतराल में चलेंगी। हालांकि, बसों का उद्घाटन समारोह दो दिन बाद रखा गया है।
सार्वजनिक परिवहन को मिलेगी मजबूती
इस नई सेवा का उद्देश्य लोगों को किफायती और नियमित सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है. अधिकारियों के अनुसार बस संचालन शुरू में 45 दिनों की अवधि के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर किया जाएगा. इस दौरान यात्रियों की संख्या, रूट की उपयोगिता और परिचालन व्यवस्था का मूल्यांकन किया जाएगा. बताया जा रहा है कि दोनों रूटों पर बस संचालन के लिए औपचारिक अनुमति 5 जून को जारी की जा सकती है. उम्मीद है कि यह नई मिनी-सिटी बस सेवा शहर में ट्रैफिक की भीड़ को कम करेगी और निवासियों को यात्रा का एक सुरक्षित, सुलभ और सुविधाजनक विकल्प प्रदान करेगी.
