मुंग एवं रागी की खेती से बढ़ेगी किसानों की आय - CGKIRAN

मुंग एवं रागी की खेती से बढ़ेगी किसानों की आय


गीदम विकासखंड के कारली क्षेत्र में खेतों का निरीक्षण कर किसानों को किया प्रोत्साहित

जिला पंचायत सीईओ श्री जयंत नाहटा ने विकासखंड गीदम के ग्राम कारली क्षेत्र का दौरा कर किसानों के खेतों में पहुंचकर मुंग एवं रागी की खेती का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में फसलों की स्थिति का अवलोकन करते हुए किसानों से सीधे संवाद कर खेती में अपनाई जा रही तकनीकों, उत्पादन क्षमता एवं आने वाली चुनौतियों की जानकारी प्राप्त की।

इस निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री नाहटा ने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ पोषक एवं लाभकारी फसलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रागी सहित अन्य मोटे अनाज एवं दलहन फसलें स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी हैं तथा इनकी बाजार में मांग भी लगातार बढ़ रही है। ऐसी फसलें किसानों की आय में वृद्धि करने के साथ-साथ पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने किसानों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि मिलेट्स एवं दलहन फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए शासन लगातार प्रयास कर रहा है। किसानों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आधुनिक एवं उन्नत खेती की ओर बढ़ना चाहिए।


जिला पंचायत सीईओ श्री नाहटा ने संबंधित कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए तथा गुणवत्तायुक्त बीज, उर्वरक एवं आवश्यक कृषि संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने खेती में आधुनिक तकनीकों के उपयोग, जल संरक्षण आधारित खेती तथा जैविक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले में रागी एवं अन्य मिलेट्स फसलों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए किसानों को प्रशिक्षण एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर कृषि आधारित आजीविका को मजबूत किया जा सके। इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, क्षेत्रीय कृषि विस्तार अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित रहे।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads