पीएम मोदी की अपील का असर: कबीरधाम में साइकिल से ऑफिस पहुंचे एसपी और एएसपी
प्रधानमंत्री नरेंद्र देश की जनता से लगातार कह रहे हैं कि वो पेट्रोल और डीजल की बचत करें. जरूरत के मुताबिक तेल का खर्च करें, जिससे तेल निर्यात का बोझ देश पर कम से कम पड़े. भारत को क्रूड ऑयल खरीदने में काफी विदेशी मुद्रा खर्च करनी पड़ रही है. पीएम ने इसके साथ ये भी कहा है कि तेल की कोई कमी फिलहाल देश में नहीं है, लेकिन तेल की बचत हमें आर्थिक मोर्चे पर मजबूत करेगी. पीएम मोदी ने इसके साथ ही सोने की खरीदी एक साल के लिए कम करने की भी सलाह दी है. खाद्य तेल के कम इस्तेमाल पर भी पीएम ने जोर दिया है. पीएम ने कहा है कि लोग ज्यादा से ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल आने जाने के लिए करें.
पीएम मोदी की अपील का असर भी दिखाई पड़ने लगा है. कबीरधाम एसपी और एएसपी दोनों आज साइकिल अपने दफ्तर पहुंचे. एसपी धर्मेंद्र सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल जब साइकिल से अपने-अपने दफ्तर पहुंचे तो देखने वाले लोग आश्चर्यचकित हो गए. एसपी और एएसपी ने साइकिल की सवारी कर ये संदेश भी दिया कि दूसरे लोगों को भी ऊर्जा बचाने में देश की मदद करनी चाहिए. ऊर्जा संरक्षण और बचत से भारत की न सिर्फ आर्थिक स्थिति मजबूत होगी बल्कि मुश्किल हालातों में देश मजबूती से दुनिया के सामने डटा रहेगा. इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण में भी सबका योगदान मिलेगा.
एसपी ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल या पैदल कार्यालय आने की अपील की. एसपी ने विशेष रूप से उन कर्मचारियों को प्रेरित किया जिनका निवास कार्यालय के आसपास है, ताकि वे अनावश्यक वाहन उपयोग से बचते हुए पैदल कार्यस्थल तक पहुंचें. इस पहल में उप पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव समेत पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए.
खाड़ी में चल रहे ईरान अमेरिका युद्द के चलते क्रूड ऑयल के दामों में लगातार इजाफा हो रहा है. क्रूड ऑयल मिलना भी मुश्किल हो रहा है. ईरान और अमेरिका की नाकेबंदी के चलते तेल की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है.
