किसानों को बड़ी राहत: ट्रैक्टर-हार्वेस्टर समेत कृषि यंत्रों पर मिलेगा अनुदान, 15 मई से शुरू होंगे आवेदन
छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए कृषि यंत्रों और सिंचाई उपकरणों पर अनुदान प्राप्त करने का रास्ता खुलने जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए CHAMPS पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इसके तहत किसानों को ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, रोटावेटर, ड्रिप सिस्टम और सिंचाई पंप रियायती दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
विभाग के अनुसार प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पर ड्रॉप मोर क्रॉप) के तहत ड्रिप और स्प्रिंकलर सिस्टम के लिए आवेदन 7 मई 2026 से शुरू हो चुके हैं। वहीं शाकम्भरी योजना के अंतर्गत डीजल और विद्युत सिंचाई पंपों के लिए आवेदन 11 मई 2026 से स्वीकार किए जाएंगे।
इसके अलावा कृषि यांत्रिकीकरण सबमिशन योजना के तहत ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, रोटावेटर और अन्य शक्ति चलित कृषि यंत्रों के लिए 15 मई 2026 से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। इच्छुक किसान CHAMPS की आधिकारिक वेबसाइट http://champs.cgstate.gov.in/ के माध्यम से सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण पत्र और भूमि संबंधी दस्तावेज जैसे खसरा एवं बी-1 जरूरी होंगे।
