छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक लू चलने की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट। - CGKIRAN

छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक लू चलने की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट।


छत्तीसगढ़ में सूरज ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिया है। राज्य के ज्यादातर जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ेगा। राज्य में भीषण गर्मी का असर तेज हो गया है और राजधानी रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को मौसम शुष्क रहेगा और अधिकतम तापमान 43 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही 24 से 26 अप्रैल के बीच हीट वेव जैसी स्थिति बनने का अलर्ट जारी किया गया है। वर्तमान में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे दिन के समय गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं। प्रदेश के मध्य हिस्सों में 24 अप्रैल से अगले तीन दिनों तक लू चलने की संभावना जताई है। इस दौरान तापमान 43 डिग्री से ऊपर बना रह सकता है। खासकर रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव जैसे क्षेत्रों में गर्मी का असर ज्यादा रहेगा। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को धूप से बचने, पानी अधिक पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मराठवाड़ा से कोमोरिन तक द्रोणिका सक्रिय है, जबकि मध्य स्तर पर प्रति चक्रवात का प्रभाव भी बना हुआ है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

द्रोणिका और प्रति चक्रवात से बढ़ी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार 0.9 किमी ऊंचाई पर मराठवाड़ा से कोमोरिन क्षेत्र तक द्रोणिका फैली हुई है। वहीं 3.1 से 5.8 किमी ऊंचाई के बीच अंदरूनी महाराष्ट्र, तेलंगाना और कर्नाटक के ऊपर प्रति चक्रवात बना हुआ है। इन सिस्टम के कारण वातावरण में गर्म और शुष्क हवओं का प्रभाव बढ़ गया है, जिससे तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।


Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads