नवरात्र में अखंड ज्योतियों से जगमगा उठते हैं छत्तीसगढ़ के मंदिर : आस्था और परंपराओं से जुड़ा है मंदिर का इतिहास - CGKIRAN

नवरात्र में अखंड ज्योतियों से जगमगा उठते हैं छत्तीसगढ़ के मंदिर : आस्था और परंपराओं से जुड़ा है मंदिर का इतिहास


नवरात्र महापर्व शक्ति उपासकों की धरती में लोक आस्था और क्षेत्रीय संस्कृति का अद्भुद मिश्रण विकसित हुआ है। चैत्र नवरात्र में छत्तीसगढ़ के देवी मंदिर जगमग हो उठे हैं। गांव के देवी स्थान से लेकर प्रदेश के मुख्य मंदिरों तक में लगातार नौ दिनों तक अखंड ज्योत की परिकल्पना में व्यष्टि से समष्टि का भाव दिखता है।वैदिक और पौराणिक ही नहीं, ग्रामीण व आदिवासी परंपरा में भी अग्नि पवित्र शक्ति है। कौन किसके लिए प्रेरक बना, यह तय करना कठिन है परंतु ज्योत से ज्योत जली और अब पूरे प्रदेश की परंपरा है। यह व्यक्तिगत धार्मिक मान्यता के साथ ही सामुदायिक और सामाजिक भागीदारी का प्रतीक है। यह मनोकामना की ज्योत है।

मंदिरों में जगमगाते मिट्टी के ज्योतों में अमीर-गरीब, ऊंच-नीच, अगड़ा-पिछड़ा, अपना-पराया जैसा कोई भेद नहीं है। घरों में अखंड ज्योत जलाने वालों ने अपने लिए यहां भी ज्योत जलवा रखी है। दूसरी तरफ जो घर में पूरी शुद्धता और शुचिता के साथ पूजा-पाठ, साधना-अराधना में स्वयं को सक्षम नहीं पाते, उनका दीपक भी मंदिर की पंक्तिपद्ध ज्योतों में शामिल है। मंदिर के प्रतिनिधि चौबीसों घंटे बारी-बारी से सुनिश्चित करते हैं कि कोई भी अखंड ज्योत खंडित नहीं हो।  

महाराष्ट्र की सीमा पर स्थित डोंगरगढ़ की पहाड़ी चैत्र और शारदीय नवरात्र में ज्योतों से जगमग हो जाती है। मुंबई-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर यात्रा करते हुए श्रद्धालुओं की आंखें माता के दर्शन के लिए आम दिनों में भी बेचैन रहती हैं। मान्यता है कि राजा विक्रमादित्य के काल से (लगभग 2,200 वर्ष पूर्व से) माता बमलेश्वरी के रूप में विराजित माता बगलामुखी का यह प्रभाव क्षेत्र है।

चैत्र नवरात्रि पर्व को लेकर मां बम्लेश्वरी मंदिर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इस बार नवरात्रि में जहां एक ओर हजारों ज्योति कलशों से बम्लेश्वरी धाम जगमगाएगा, वहीं दूसरी ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन, पुलिस और रेलवे ने व्यापक इंतजाम किए हैं. इस वर्ष नीचे स्थित मंदिर में 901 और पहाड़ी पर स्थित मुख्य मंदिर में लगभग 7,500 ज्योति कलश प्रज्वलित किए जाएंगे. सभी दीप तेल से जलाए जाएंगे, जिससे पूरे धाम में भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष वातावरण निर्मित होगा. नवरात्रि के नौ दिनों तक डोंगरगढ़ में आस्था का सैलाब उमड़ता है और लाखों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. इसे देखते हुए इस बार व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया गया है.

कलचुरी और मराठा काल में स्थापित मंदिरों में भी नियमित शक्ति पूजा के साथ अखंड ज्योति की परंपरा के प्रमाण मिलते हैं। दंतेवाड़ा की माता दंतेश्वरी तथा रायपुर और बिलासपुर की महामाया, चंद्रपुर में चंद्रहासिनी सहित सभी देवी स्थानों में सामूहिक ज्योत अपना व्यैक्तिक संकल्प व मनोकामना तथा सामाजिक भागीदारी के पर्याय हैं। मंदिरों में ज्योत के लिए विशेष कमरे विकसित किए गए हैं। 

परंपरा में भागीदारी को इससे भी समझा जा सकता है कि बिलासपुर के रतनपुर स्थित महामाया मंदिर में ही करीब 25 हजार ज्योत जलती हैं। समय और सक्षमता वृद्धि के साथ मनोकामना ज्योतों की संख्या भी प्रति वर्ष बढ़ती जा रही है। राजधानी रायपुर के 20 से अधिक प्रमुख देवी मंदिरों में एक लाख से अधिक अखंड ज्योत जलती हैं। श्रद्धालु इसके लिए पंजीयन कराते हैं।

विदेशी श्रद्धालु भी कराते हैं पंजीयन

मंदिरों में ज्योत जलाने के लिए श्रद्धालुओं को पंजीयन कराना पड़ता है। उनकी पंजीयन संख्या के आधार पर ज्योत के लिए दीपक को स्थापित किया जा सकता है। श्रद्धालु ज्योतों की परिक्रमा करने के साथ अपने ज्योत के भी दर्शन करते हैं। विदेश में रहने वाले श्रद्धालु भी योगदान कर अपने व स्वजन के नाम से ज्योत जलवाते हैं।

चैत्र नवरात्र में ज्योत के साथ जवारा भी बोया जाता है, जिसका नवरात्र के अंतिम दिन विसर्जन होता है। वहां प्रतिदिन शाम को जसगीत और भक्ति गीतों से मां दुर्गा की उपासना की जाती है। बंजारी माता मंदिर के ट्रस्टी हरीश जोशी बताते हैं कि श्रद्धालु मनोकामना के लिए ज्योत जलवाते हैं।


Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads