दुर्ग में महिला कमांडो टीम फिर एक्टिव, गुंडे और नशेड़ियों की खैर नहीं: - CGKIRAN

दुर्ग में महिला कमांडो टीम फिर एक्टिव, गुंडे और नशेड़ियों की खैर नहीं:

 


समाज में जिस तेजी से नशे का चलन बढ़ता जा रहा है, उससे समाज का हर तबका परेशान है. आए दिन नशे की हालत में अपराध हो रहे हैं. नशे के चलते सड़क हादसों में भी तेजी आती जा रही है. घरेलू अत्याचार की भी घटनाएं नशे के चलते बढ़ रही हैं. इसका सबसे ज्यादा असर हमारी भावी पीढ़ी पर पड़ रहा है. पुलिस और सामाजिक संस्था लगातार इन मुद्दों को लेकर जागरुकता अभियान चला रही है. लेकिन इन सबके बावजूद नशे का चलन कम होने का नाम नहीं ले रहा. दुर्ग पुलिस ने क्राइम और नशे पर नकेल कसने के लिए बड़ा कदम उठाया है.

महिला कमांडो टीम फिर एक्टिव

शनिवार को खुर्सीपार के क्रिकेट मैदान में महिला कमांडो के लिए सिविल डिफेंस प्रशिक्षण एवं प्रेरणा सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में एसएसपी विजय अग्रवाल, पद्मश्री शमशाद बेगम, एसडीआरएफ के कमांडेंट नागेंद्र सिंह तथा खुर्सीपार थाना प्रभारी अनंत शुक्ला विशेष रूप से मौजूद रहे. प्रेरणा सम्मेलन में खुर्सीपार और आसपास के क्षेत्रों से 200 से अधिक महिला कमांडो ने हिस्सा लिया.

प्रशिक्षण सत्र में एसडीआरएफ टीम ने प्राकृतिक आपदा, बाढ़, आगजनी और भूकंप जैसी परिस्थितियों में प्राथमिक प्रतिक्रिया, घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की तकनीक, आग से बचाव के उपाय, प्राथमिक उपचार तथा सामूहिक समन्वय की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया.कार्यक्रम में महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों, साइबर अपराध से बचाव, सामुदायिक पुलिसिंग, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और नशा मुक्ति अभियान की रणनीति पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया.

कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने की कवायद

महिला कमांडो को अपने-अपने वार्ड और ग्राम में जागरूकता अभियान चलाकर कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया. पद्मश्री शमशाद बेगम ने कहा कि कोरोना काल के बाद महिला कमांडो को फिर से सक्रिय और सशक्त बनाया जा रहा है. शमशाद बेगम ने कहा, पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग मिल रहा है और महिला कमांडो गांव-गांव में गश्त कर अपराध रोकने व नशा मुक्ति अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं.

एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा, सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक वार्ड और थाना स्तर पर महिला रक्षक दल गठित किया जाएगा. खुर्सीपार से शुरू हुई यह पहल पूरे जिले में लागू की जाएगी. कार्यक्रम के अंत में सभी महिला कमांडो ने सशक्त नारी, सशक्त छत्तीसगढ़ और नशा मुक्त समाज, सुरक्षित समाज का सामूहिक संकल्प लिया गया.

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads