छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होगा - CGKIRAN

छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होगा


छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज पत्रकार वार्ता में सत्र की रूपरेखा और कार्यसूची की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बजट सत्र में कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं। सत्र की शुरुआत सोमवार, 23 फरवरी 2026 को सुबह 11:05 बजे राज्यपाल रामेन डेका के अभिभाषण से होगी। राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर चर्चा 25 फरवरी को की जाएगी। अभिभाषण का सीधा प्रसारण दूरदर्शन और आकाशवाणी से किया जाएगा।                वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी 24 फरवरी 2026 को अपराह्न 12:30 बजे वर्ष 2026-27 का आय-व्ययक (बजट) प्रस्तुत करेंगे। बजट भाषण का सीधा प्रसारण दूरदर्शन रायपुर और आकाशवाणी रायपुर से किया जाएगा।              वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर सामान्य चर्चा 26 और 27 फरवरी को होगी। इसके बाद 9 से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा निर्धारित है। 17 मार्च को आय-व्ययक की मांगों से संबंधित विनियोग विधेयक का पुरःस्थापन किया जाएगा, जबकि 18 मार्च को विनियोग विधेयक पर चर्चा और पारण की तिथि तय की गई है।  

निधन उल्लेख

सत्र के दौरान अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व सदस्य दीनदयाल सिंह पोर्ते के निधन का उल्लेख भी किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बजट सत्र में वित्तीय, विधायी और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी। सरकार और विपक्ष के बीच विभिन्न विषयों पर सार्थक बहस की संभावना है, जिससे राज्य की नीतिगत दिशा तय होगी।

दो महत्वपूर्ण विधेयक प्रस्तावित

(1) छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक, 2026

(2) छत्तीसगढ़ लोक सुरक्षा (उपाय) प्रवर्तन विधेयक, 2026

2813 प्रश्न, 61 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव

बजट सत्र के लिए विधायकों ने कुल 2813 प्रश्न लगाए हैं. इनमें 1437 तारांकित और 1376 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं. इसके अलावा 61 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, एक अविलंबनीय लोक महत्व का विषय, 13 अशासकीय संकल्प, 9 शून्यकाल सूचनाएं और 112 याचिकाएं प्राप्त हुई हैं.

तीसरा बजट होगा साय सरकार का

वित्तीय वर्ष 2026-27 का यह बजट विष्णु देव साय सरकार के मौजूदा कार्यकाल का तीसरा बजट होगा. वित्त मंत्री ओपी चौधरी के अनुसार 2024 का पहला बजट ज्ञान, गरीब, युवा, किसान और महिलाओं को समर्पित था, जबकि 2025 का बजट ‘गति' की रणनीति पर आधारित रहा. साल 2026 का बजट गुड गवर्नेंस, इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी, टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्रियल ग्रोथ जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित रहेगा.

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads