विकास को अंतिम छोर तक पहुंचाने की दिशा में बढ़ रहा है प्रशासन, 5 किमी पैदल चलकर बांगुली गांव का दौरा करने पहुंचे बीजापुर कलेक्टर - CGKIRAN

विकास को अंतिम छोर तक पहुंचाने की दिशा में बढ़ रहा है प्रशासन, 5 किमी पैदल चलकर बांगुली गांव का दौरा करने पहुंचे बीजापुर कलेक्टर


बीजापुर जिले के कलेक्टर संबित मिश्रा एक बार फिर चर्चा में हैं. शनिवार को एक बार फिर उन्होंने काम के प्रति अपने समर्पण का मुजाहरा किया. नक्सल प्रभावित जिलों में अभी सड़कों और पुल पुलिया की काफी कमी है. नक्सल प्रभावित इलाकों में रहने वाले ग्रामीण इस समस्या से हर दिन जूझते हैं. जिले के नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए इस बार खुद कलेक्टर संबित पात्रा अफसरों के साथ निकले. कलेक्टर और अफसरों ने गांव की जमीनी हकीकत को नजदीक से देखा और समझा. बीजापुर कलेक्टर नक्सल प्रभावित बांगुली गांव के निरीक्षण के लिए 5 किमी पैदल चलकर और नदी को पारकर वहां पहुंचे और ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से रुबरु कराया.  

कलेक्टर संबित मिश्रा सबसे पहले बांगुली सुरक्षा कैंप पहुंचे. उन्होंने सुरक्षा बलों के जवानों से मुलाकात की. कलेक्टर ने कहा कि सुदूर अंचलों में सुरक्षा कैम्प की स्थापना से अब विकास की नई राह खुलेगी. बांगुली गांव और कैप पहुंचने के लिए कलेक्टर और अफसरों को ट्रैक्टर और बाइक की खतरनाक सवारी करनी पड़ी. पहले तो टीम ने इंद्रावती नदी को बाइक से पार किया फिर ट्रैक्टर पर सवार होकर गांव तक पहुंचे. करीब 5 किलोमीटर का पैदल रास्ता भी कलेक्टर और अफसरों को तय करना पड़ा. कलेक्टर मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बांगुली सहित आसपास के गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कैम्प की स्थापना केवल सुरक्षा के लिए नहीं, बल्कि विकास के द्वार खोलने का प्रतीक है.

कलेक्टर ने बांगुली सुरक्षा कैंप में रह रहे जवानों की तारीफ करते हुए कहा कि हम आपके हौसले को सलाम करते हैं. आप बड़ी ही मुश्किल परिस्थितियों में यहां रहते हैं. नक्सलियों से लोगों की सुरक्षा के लिए आप लोग दिन रात यहां डटे हुए हैं. इसकी जितनी भी तारीफ की जाए कम है. कलेक्टर ने स्थानीय लोगों से भी बात करते हुए कहा कि जल्द ही विकास के कामों में और तेजी लाए जाएगी. बारिश के बाद हम नियद नेल्लानार योजना के तहत विकास के कामों की शुरुआत करने जा रहे हैं.

कलेक्टर ने कहा, अब ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी

कलेक्टर ने आगे कहा कि, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के क्षेत्र में अब ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी. निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने भी ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने प्रेरित किया. उन्होंने बताया कि पीएम आवास योजना के तहत पात्र परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं.

गौरतलब है कलेक्टर का यह दौरा न केवल प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि ग्रामीणों के मन में यह विश्वास भी जगा गया कि शासन उनके द्वार तक पहुंचने के लिए वाकई प्रयासरत है. बांगुली जैसे सुदूरवर्ती इलाकों में कलेक्टर का दौरा दर्शाता है कि बीजापुर प्रशासन अब विकास को अंतिम छोर तक पहुंचाने की दिशा में ठोस कदम बढ़ा रहा है.

ग्रामीणों ने दिया कलेक्टर को सुझाव

कलेक्टर ने गांव वालों से भी विकास कार्यों को लेकर चर्चा की. कलेक्टर ने उनसे पूछा कि आपको अपने गांव में किन चीजों के लिए दिक्कत होती है जिसे आप दूर करना चाहते हैं. गांव वालों ने कलेक्टर के सामने कई बातें रखी. कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि उनकी जो भी जरुरतें हैं उसे शासन की मदद से जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा. कलेक्टर ने कहा कि इंद्रावती नदी के पार रहने वाले लोगों की जरुरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को पूरा किया जाएगा.


Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads