रायपुर में निकली तिरंगा यात्रा: देशप्रेम में उमड़ा जनसैलाब
सीएम विष्णुदेव साय बोले- तिरंगा हमारी आन-बान-शान
छत्तीसगढ़ बीजेपी ने रायपुर में आजादी के महोत्सव के रूप में शहीद स्मारक भवन से विशाल भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। इस यात्रा का जगह-जगह भारी उत्साह के साथ स्वागत किया गया। तिरंगा यात्रा में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान है. इसकी रक्षा और मान-सम्मान के लिए हर नागरिक को दृढ़संकल्पित होना चाहिए. स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हर घर तिरंगा फहराएगा और भारत आर्थिक एवं सांस्कृतिक रूप से और अधिक सशक्त बनेगा. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि जब बात तिरंगे की आती है तो लोगों को बचपन याद आ जाता है जब हम स्कूल में पढ़ते थे तब 15 अगस्त में प्रभातफेरी अपने गांव में निकलते थे और विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा का गान करते थे। यह तिरंगा हम लोगों की आन बान शान है यह हमेशा ऊपर रहना चाहिए। इस तिरंगे के लिए हमारे देश के लाखों लोगों ने अपना बलिदान और कुर्बानी दी है। देश के तिरंगे के लिए हंसते-हंसते फांसी के फंदे पर झूल गए। ऐसे लोग की याद में यह यात्रा निकाली गई है। उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे क्षेत्र में तिरंगा शान से लहरा रहा है। बस्तर में हमारे सेना के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ लड़ रहे हैं और लगातार ऑपरेशन कर नक्सलियों का खात्मा कर रहे है। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में सभी अपने-अपने घरों में भी तिरंगा लहरा रहे हैं। सभी अपने-अपने घरों में तिरंगा लगा ले और हमारे अमर शहीदों जिन्होंने अपनी कुर्बानी दी है उनके प्रति यह हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सीएम साय ने कहा "राष्ट्रीय ध्वज हर घर में फहराया जाना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी भी इस अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के महत्व को समझे, उसको पहचाने. पिछले साल तिरंगा यात्रा के तहत 30 लाख का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन इस साल इसे बढ़ाकर 60 लाख कर दिया गया. भाजपा के 60 लाख कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर घर, संस्थानों और भवनों तक तिरंगा अभियान को पहुंचाया जाएगा."
तिरंगा यात्रा में रायपुर लोकसभा के सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर दक्षिण के विधायक सुनील सोनी, रायपुर उत्तर प्रदेश विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू, राज्य आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव के साथ ही पूर्व सैनिक भी इस तिरंगा यात्रा में शामिल हुए. तिरंगा यात्रा का समापन मरीन ड्राइव में हुआ. जहां पर पूर्व सैनिकों को मुख्यमंत्री ने शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया.
हमारे लिए राष्ट्र प्रथम है: किरण सिंह देव
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की थी जो निरंतर जारी है। यह तिरंगा यात्रा हम सभी देश के उन वीर शहीदों के सम्मान में निकालते हैं जो देश की सीमा पर डटकर हम सभी को सुरक्षित रखते हैं। तिरंगा यात्रा के माध्यम से जनमानस में तिरंगे के मान सम्मान को बढ़ाने और लोगों में देश प्रेम की भावना को प्रगाढ़ करने के लिए यह यात्रा निकली गई है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए राष्ट्र प्रथम है।
नई पीढ़ी के मन में तिरंगे के प्रति मान-सम्मान: बृजमोहन अग्रवाल
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि देश के सबसे बड़े सैनिक नरेंद्र मोदीके नेतृत्व में कल तिरंगा झंडा दिल्ली में निकली और आज रायपुर प्रदेश के सबसे बड़े सैनिक विष्णुदेव साय के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकली है। उन्होंने कहा कि अपनी जान की बाजी लगाकर देश की सुरक्षा करने वाले जवानों का आज हम सम्मान करते हैं। मेरा अभिमान है तिरंगा, मेरा स्वाभिमान है तिरंगा, यह तिरंगा है तो हम सब हैं। नई पीढ़ी के मन में तिरंगे के प्रति मान-सम्मान और स्वाभिमान बढ़ाने के लिए यह तिरंगा यात्रा निकाली गई है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से देश की सेना ने दिखा दिया कि तिरंगे की रक्षा के लिए हमारे वायु सेना, थल सेना और जल सेना तीनों ने मिलकर पाकिस्तान के छक्के छुड़ा दिए। नई पीढ़ी को तिरंगे का महत्व समझ आए और जब 2047 में जब हमारा तिरंगा 100 साल का होगा तब यह विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ होगा। ऐसे तिरंगे की आन-बान-शान के लिए यात्रा निकाली गई है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जिन आतंकवादियों ने देश के लोगों की निर्मम हत्या की थी उन आतंकवदियों को ऑपरेशन सिंदूर चलाकर उनका खात्मा किया गया। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई दी।