छत्तीसगढ़ में अब कलेक्टर संभालेंगे शहरी सरकार की जिम्मेदारी, 10 नगर निगमों में प्रशासकों की नियुक्ति का आदेश जारी
रायपुर कलेक्टर 6 जनवरी से नगर निगम के होंगे प्रशासक
छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव में हो देरी के बाद अब राज्य सरकार ने 10 नगर निगमों में प्रशासकों की नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है. ये प्रशासक नगर निगमों का निर्वाचन कार्यकाल समाप्त होते ही अपनी जिम्मेदारी संभाल लेंगे. जिला कलेक्टर ही निगम के प्रशासक होंगे और उन्हें सभी अधिकार प्राप्त होंगे. दरअसल, सरकार ने निगम चुनाव में हो रही देरी की वजह से प्रशासक नियुक्त किए हैं. ये प्रशासक ही अब शहर की सरकार चलाएंगे.
जारी अधिसूचना के तहत नगर पालिक निगम राजनांदगांव में 03 जनवरी 2025, नगर पालिक निगम बिलासपुर और जगदलपुर में 04 जनवरी 2025, नगर पालिक निगम रायपुर, धमतरी, दुर्ग, रायगढ़ और चिरमिरी में 06 जनवरी 2025 से संबंधित जिला कलेक्टर को प्रशासक नियुक्त किया जाता है। इसी प्रकार नगर पालिक निगम अंबिकापुर में 08 जनवरी 2025 तथा नगर पालिक निगम कोरबा में 10 जनवरी 2025 से संबंधित जिला कलेक्टर को प्रशासक नियुक्त किया जाता है।
जिला कलेक्टर होंगे प्रशासक
राज्य सरकार के आदेश के अनुसार, संबंधित जिलों के कलेक्टर संबंधित शहरों के प्रशासक के रूप में कार्य करेंगे. उनका मुख्य दायित्व शहरों के प्रशासन को सुचारू रूप से चलाना होगा, जब तक कि नए निकाय चुनाव नहीं कराए जाते हैं.
चुनाव में देरी के कारण प्रशासकों की नियुक्ति
नगरीय निकाय चुनाव में हो रही देरी की वजह से यह कदम उठाया गया है. मतदाता सूची के पुनरीक्षण में संशोधन और अन्य प्रक्रियात्मक कारणों के चलते चुनाव कार्यक्रम फरवरी 2025 के बाद ही संभावित है.
नगर निगम प्रशासन पर असर
प्रशासकों की नियुक्ति से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि नगर निगमों के विकास कार्य और नागरिक सेवाएं बाधित न हों. चुनावों तक प्रशासक शहर की सरकार की भूमिका निभाएंगे और सभी प्रशासनिक निर्णय लेने में सक्षम होंगे.