छत्तीसगढ़ मिशन को साधने भाजपा ने झोंकी ताकत
छत्तीसगढ़ में इस बार भाजपा जीत के लिए कोई कसर नहीं छोडऩा चाहती हेै। लगातार हो रहे स्टार प्रचारकों का दौरा और स्वयं मोदी छत्तीसगढ़ में भाजपा की कमान संभाले हुए है वह लगातार जनसभा और रैली कर रहे है। लोकसभा के चुनावी रण में भाजपा ने अपनी ताकत झोंक दी है। पहले और दूसरे चरण के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश में चार सभाओं के माध्यम से सात लोकसभा सीटों को साधने की कोशिश की। लोकसभा के चुनावी रण में भाजपा ने अपनी ताकत झोंक दी है। पहले और दूसरे चरण के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश में चार सभाओं के माध्यम से सात लोकसभा सीटों को साधने की कोशिश की। स्टार वार के मामले में कांग्रेस के मुकाबले भाजपा कहीं अधिक आगे चल रही है।
अब तक भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री मोदी समेत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य नेता आ चुके हैं। वहीं कांग्रेस में अभी तक बड़े स्टार प्रचारकों में केवल कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ही चुनावी मैदान में दिखी हैं। प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने कहा कांग्रेस के प्रत्याशी और कांग्रेस के स्टार प्रचारक दिन गिन रहे हैं कि कब चुनाव खत्म हो। सभी चुनाव में दिलचस्पी नहीं रख रहे हैं। 23 अप्रैल को पीएम मोदी ने जांजगीर चांपा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत सक्ती के जेठा मैदान में जांजगीर-चांपा के भाजपा प्रत्याशी कमलेश जांगड़े और रायगढ़ लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी राधेश्याम राठिया को जिताने की अपील की थी। 23 अप्रैल को ही धमतरी के श्यामतराई में दोपहर तीन बजे जनसभा को संबोधित किया था। धमतरी में भाजपा की महासमुंद लोकसभा प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी, कांकेर लोकसभा प्रत्याशी भोजराज नाग और रायपुर के लोकसभा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल के लिए वोट मांगकर मतदाताओं को साधा था। 24 अप्रैल को पीएम मोदी ने अंबिकापुर में सभा कर सरगुजा के भाजपा प्रत्याशी चिंतामणि महराज को जिताने की अपील की।
पहले चरण के मतदान के लिए प्रधानमंत्री ने बस्तर के जिला मुख्यालय जगदलपुर से 40 किलोमीटर दूर गांव छोटे आमाबाल में विजय संकल्प शंखनाद रैली को संबोधित किया था। यहां बस्तर के भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप और कांकेर के प्रत्याशी भोजराज नाग के लिए मतदाताओं से वोट मांगे थे। 14 अप्रैल को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह राज्य के राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के खैरागढ़ जिले में सभा की है। शाह 21 अप्रैल को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक ली थी। 22 अप्रैल को कांकेर में चुनावी सभा की थी। शाह तीसरी बार बेमेतरा में 26 अप्रैल को होने जा रही सभा को भी संबोधित करेंगे। 22 अप्रैल को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के लोरमी, दुर्ग के भिलाई और रायपुर लोकसभा क्षेत्र के चंद्रखुरी में सभा की थी।
कांग्रेस से अब तक आए केवल राहुल और प्रियंका
कांग्रेस की ओर से बड़े स्टार प्रचारकों में बस्तर लोकसभा सीट के लिए 13 अप्रैल को कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सभा की थी। इसके बाद 21 अप्रैल को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने राजनांदगांव और कांकेर लोकसभा सीट के लिए मतदाताओं को साधने की कोशिश की थी। अभी तक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश नहीं पहुंचे हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि राहुल-प्रियंका और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट सभाएं कर रहे हैं।