बीजेपी या कांग्रेस: इस बार कौन मारेगा रायपुर की बाजी
रायपुर पश्चिम:- कांग्रेस ने वर्तमान विधायक विकास उपाध्याय को दोबारा टिकट दिया है। इस बार फिर उन पर भरोसा जताया है। वहीं बीजेपी ने पूर्व मंत्री रहे और साल 2018 में यहां से चुनाव हार चुके राजेश मूणत को दोबारा टिकट दिया है। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में यहां कुल मिलाकर 248325 मतदाता थे, जिन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी विकास उपाध्याय को 76359 वोट देकर जिताया था. उधर, बीजेपी उम्मीदवार राजेश मूणत को 64147 वोट हासिल हो सके थे, और वह 12212 वोटों से हार गए थे.
रायपुर दक्षिण: - कांग्रेस ने यहां से नए चेहरे महंत रामसुंदर दास पर भरोसा जताया है। रायपुर के सबसे प्राचीन दुधाधारी मठ के प्रमुख महंत रामसुंदर दास वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष हैं। वो साल 2001-2003 में सरकार के संस्कृत बोर्ड के पहले अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इससे पहले साल 2003 में पहली बार जैजैपुर से विधायक बने, दूसरी बार 2008 में भी विधायक बने।वहीं बीजेपी ने लगातार 8वीं वार सीनियर विधायक बृजमोहन अग्रवाल को टिकट दिया है। वो 35 साल से विधायक हैं। अग्रवाल साल 1990 में पहली बार विधायक बने। उस समय कांग्रेस के दिग्गज नेचा विद्याचरण शुक्ल को हरा चुके हैं। उस समय से लगातार बृजमोहन चुनाव जीतते आ रहे हैं। वो रमन सरकार में गृह, शिक्षा, संस्कृति, कृषि आदि विभागों के मंत्री रह चुके हैं।
रायपुर उत्तर: - कांग्रेस ने यहां से फिलहाल प्रत्याशी का नाम फाइनल नहीं किया है। भारतीय जनता पार्टी ने राजधानी रायपुर के उत्तर विधानसभा क्षेत्र से इस बार नए चेहरे पर दांव लगाया है। भाजपा ने पुरेंदर मिश्रा को उत्तर सीट से प्रत्याशी बनाया है।
रायपुर ग्रामीण:- कांग्रेस ने यहां से वर्तमान सीनियर विधायक सत्यनारायण शर्मा के बेटे पंकज शर्मा को टिकट दिया है। अब सत्यनारायण शर्मा के विरासत को उनके बेटे पंकज शर्मा संभालेंगे। वर्तमान में वो जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं बीजेपी ने मोतीलाल साहू को टिकट दिया है।
धरसीवां:- कांग्रेस ने यहां से वर्तमान विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा का टिकट काटकर छाया वर्मा को टिकट दिया है। धरसींवा विधानसभा को वर्मा समाज का गढ़ माना जाता है। इसलिए कांग्रेस ने छाया वर्मा पर भरोसा जताया है। वहीं बीजेपी ने यहां से पद्मश्री और छत्तीसगढ़ी अभिनेता अनुज शर्मा को पहली बार चुनावी मैदान में उतारा है।
अभनपुर:- कांग्रेस ने यहां से वर्तमान विधायक और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके धनेंद्र साहू को टिकट दिया है। वहीं बीजेपी ने यहां से इंद्र कुमार साहू को टिकट दिया है। अभनपुर विधानसभा सीट से बीजेपी ने 2 बार के सरपंच इंद्रकुमार साहू को अपना प्रत्याशी बनाया है. आज तक कोई बड़ा चुनाव नहीं लड़ है. लेकिन सरपंच रहते हुए विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय है. वहीं इस सीट को भी कांग्रेस पार्टी का गढ़ माना जाता है.
दुर्ग जिले- दूसरी सूची में कांग्रेस ने दुर्ग जिले की चार विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की है। दुर्ग शहर से अरुण वोरा, अहिवारा से निर्मल कोसरे भिलाई नगर से देवेंद्र यादव और वैशाली नगर से मुकेश चंद्राकर को उम्मीदवार बनाया गया है।