छत्तीसगढ़ पर प्रधानमंत्री मोदी की नजर, चार दिन में दो बार करेंगे छत्‍तीसगढ़ का दौरा - CGKIRAN

छत्तीसगढ़ पर प्रधानमंत्री मोदी की नजर, चार दिन में दो बार करेंगे छत्‍तीसगढ़ का दौरा


 छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही दिनों का समय बचा है। विधानसभा चुनाव के लिए  कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी चुनावी प्रचार में जोर शोर से जुट गई है और कई बड़े नेताओं का छत्तीसगढ़  का दौरा लगातार चल रहा  है। प्रधानमंत्री का दौरा आने वाले विधानसभा चुनाव के हिसाब से बहुत अहम माना जा रहा है।चुनाव को देखते हुए कांग्रेस और भाजपा के दिग्गज नेता लगातर छत्तीसगढ़ का दौरा कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा प्रदेश में परिवर्तन यात्रा निकाल रही है। भाजपा की परिवर्तन यात्रा में शामिल होने के लिए भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व छत्तीसगढ़ का दौरा कर रहा है। 14 सितंबर को पीएम मोदी छत्तीसगढ़ दौरे पर आए थे। चुनावी वर्ष में मोदी तीन महीने के भीतर प्रदेश में क्रमश: तीसरी व चौथी सभा लेंगे। बता दें कि पीएम मोदी बिलासपुर में परिवर्तन यात्रा के समापन के मौके में शामिल हो रहे है। पीएम मोदी के यहां आने से भाजपा कार्यकर्ताओं के अंदर जीत का हौसला बढ़ेगा। 

 राजनीतिक प्रेक्षकों की मानें तो प्रधानमंत्री का यह प्रवास छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए संजीवनी बूटी से कम नहीं है।  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने पीएम मोदी के दौरे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि, पीएम मोदी 30 सितंबर को बिलासपुर और 3 अक्टूबर को जगदलपुर के दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी बिलासपुर में भाजपा की परिवर्तन यात्रा के समापन समरोह में शामिल होंगे। बता दें कि, परिवर्तन यात्रा का समापन पहले 28 सितंबर को होने वाला था, लेकिन कुछ कारणों के चलते यात्रा के समापन की तिथि में बदलाव किया गया है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा संभाग बिलासपुर है। जहां आठ जिलों में 24 विधानसभा सीट आती हैं। इस इलाके में सभी राजनीतिक पार्टियां जोर लगा रही हैं। इसमें से कांग्रेस के पास 13,भाजपा के पास 07, छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) 02 और बहुजन समाज पार्टी के पास 02 सीट है। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) से अलग हुए धर्मजीत सिंह अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। जबकि बस्तर संभाग की 12 विधानसभा सीटों में सभी में कांग्रेस के विधायक काबिज हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री के दौरे से बिलासपुर के साथ-साथ बस्तर को भी साधने की रणनीति है।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads