छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा महिलाओं का कद, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने दिए संकेत
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की तैयारी जोरों पर है. भाजपा, आम आदमी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. वहीं कांग्रेस अपने प्रत्याशियों को लेकर मंथन कर रही है. प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक समाप्त हो गई है. करीब तीन घंटे तक चली बैठक में प्रत्याशी चयन पर लंबी चर्चा हुई. विधानसभा चुनाव 2023 में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी हर संसदीय सीट से दो महिलाओं को टिकट देगी। केंद्र सरकार के महिला आरक्षण विधेयक पेश करने के बाद छत्तीसगढ़ में महिलाओं के नेतृत्व को लेकर चर्चा तेज हो गई है। चुनावी वर्ष होने के नाते प्रदेश में यह विधेयक अधिक सुर्खियों में है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने कुछ ऐसा ही संकेत दिए हैं। सैलजा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि पिछली बार भी छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं को बहुत अच्छा प्रतिनिधित्व दिया था। 90 में करीब 22 से 23 महिलाओं को टिकट देने पर विचार किया जा रहा है. इस बार भी हमारा प्रयास होगा कि हर संसदीय सीट से दो महिलाओं को लाएंगे। उनके बयान से स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश की 11 लोकसभा क्षेत्रों में से दो-दो महिलाओं को टिकट मिला तो कम से कम 22 महिलाओं को टिकट मिलेगा।
प्रदेश में भाजपा- कांग्रेस दोनों ही पार्टियों सक्रिय महिला नेत्रियों के लिए नए द्वार खुलने के आसार हैं। हालांकि ये तस्वीर विधेयक के पास होने के बाद बनेगी मगर अभी महिलाओं ने राजनीति में कितनी दमखम दिखाई है, यह जानना जरूरी है। प्रदेश की महिलाओं का अभी भी केंद्रीय राज्य मंत्री से लेकर मंत्री, सांसद-विधायक जैसे पदों पर काबिज हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो प्रदेश कांग्रेस कमेटी चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची नवरात्रि के बाद ही जारी करेगी। यानी अगले महीने ही सूची जारी होगी। बैठक में टिकट वितरण और प्रत्याशियों के नामों को लेकर चर्चा हुई। पार्टी सितंबर के पहले सप्ताह में सूची जारी करने वाली थी लेकिन कई नामों पर सहमति नहीं बन पाने के चलते इसमें देरी हो रही है। इस बार 15 से 20 नए चेहरों को उतारने की तैयारी है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा की ये महिला विधायक
अंबिका सिंहदेव (बैकुंठपुर), उत्तरी गणपत जांगड़े (सारंगढ़), रेणु जोगी (कोटा), डा. रश्मि सिंह (तखतपुर), इंदू बंजारे (पामगढ़), शकुंतला साहू (कसडोल), अनिता शर्मा (धरसींवा),डा. लक्ष्मी ध्रुव (सिहावा), रंजना साहू (धमतरी), संगीता सिन्हा (संजारी बालोद), अनिला भेड़िया (डौंडीलोहारा), ममता चंद्राकर (पंडरिया), छन्नी साहू (खुज्जी), देवती कर्मा(दंतेवाड़ा), यशोदा वर्मा(खैरागढ़) और सावित्री मंडावी (भानुप्रतापपुर)।