रायपुर में गणेश पंडालों में सीसीटीवी और फायर एक्सटिंग्विशर अनिवार्य, नहीं तो होगी यह कार्रवाई - CGKIRAN

रायपुर में गणेश पंडालों में सीसीटीवी और फायर एक्सटिंग्विशर अनिवार्य, नहीं तो होगी यह कार्रवाई


 गणेश उत्सव के दौरान शहर में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को यातायात सभागार, कालीबाड़ी में पुलिस अधिकारियों और गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की करीब 50 गणेश उत्सव समितियों के लगभग 100 पदाधिकारी शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों ने समितियों को निर्देश दिया कि गणेश पंडाल के लिए सुरक्षित और उपयुक्त स्थान का चयन किया जाए। आवश्यकतानुसार पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और संबंधित विभागों से अनुमति एवं अनापत्ति प्रमाण पत्र लिया जाए। पंडाल ऐसी जगह नहीं बनाया जाए, जहां से बिजली के तार गुजर रहे हों या ट्रांसफार्मर बेहद नजदीक हो।

 नहीं माने निर्देश तो होगी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

अग्निकांड की घटनाओं को रोकने के लिए पंडाल में फायर एक्सटिंग्विशर रखना अनिवार्य किया गया है। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से पंडाल और आपास के महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। जो समितियां इनका पालन नहीं करेंगी उनपर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बड़े पंडालों में अलग एंट्री-एग्जिट

बड़े गणेश पंडालों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रवेश और निकासी के अलग-अलग रास्ते बनाने को कहा गया है। पंडाल में प्राथमिक उपचार पेटी और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था रखने के साथ नजदीकी अस्पताल, पुलिस थाना, फायर ब्रिगेड और आपातकालीन नंबर भी प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। दर्शन के दौरान भीड़ को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने और एक ही स्थान पर भीड़ जमा नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया गया। प्रसाद वितरण के लिए मुख्य दर्शन मार्ग से अलग स्थान निर्धारित करने की सलाह दी गई है।


Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads