एनटीपीसी कोरबा 2600 मेगावट प्लांट में ब्लैकआउट, सभी 7 यूनिट ट्रिप, सात राज्यों में बिजली संकट
एनटीपीसी के कोरबा में स्थापित 2600 मेगावाट प्लांट में शुक्रवार शाम एक बड़ा औद्योगिक संकट पैदा हो गया. तकनीकी खराबी के कारण प्लांट के सभी सात यूनिट एक साथ ट्रिप यानी बंद हो गई. जिसका असर इस प्लांट के सात लाभार्थी राज्यों पर पड़ा है. ब्रेकर टेस्टिंग के दौरान आई तकनीकी गड़बड़ी से एनटीपीसी जमनीपाली स्टेशन की सभी सात इकाइयों से बिजली उत्पादन ठप हो गया है। इससे पावर स्टेशन से 2600 मेगावॉट बिजली उत्पादन बंद हो गई है। छत्तीसगढ के कोरबा जिले में सार्वजनिक क्षेत्र एनटीपीसी की एक बडी बिजली स्टेशन की सभी इकाईयों के बंद होने से छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, दमन दीव, दादरा और नगर हवेली को बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। एनटीपीसी कोरबा स्टेशन में आई इस तकनीकी गड़बड़ी को दूर करने की कोशिश जारी है।
NTPC Korba: ब्रेकर टेस्टिंग के दौरान आई तकनीकी गड़बड़ी
इसमें एनटीपीसी के आला अफसर और प्रबंधन के जुड़े कर्मचारी संयंत्र में आई तकनीकी गड़बड़ी को दूर करने में लगे हुए हैं, ताकि सातों इकाइयों को दोबारा उत्पादन में लाया जा सके। प्रबंधन से जुड़े एक अफसर ने बताया कि पॉवर ग्र्रिड कॉरर्पोशन की एक टीम ब्रेकर टेस्टिंग कर रही थी। इस दौरान तकनीकी गड़बड़ी आई और जमनीपाली स्टेशन की पावर टांसमिशन लाइन और इससे जुडी स्टेशन की सभी इकाईयों में अचानक जर्क आ गया।
2600 मेगावॉट बिजली का उत्पादन ठप
अचानक इस घटनाक्रम के बीच एनटीपीसी जमनीपाली पावर स्टेशन की सभी सात इकाइयां उत्पादन से बाहर हो गई और संयंत्र से पूरी तरह बिजली उत्पादन ठप हो गया। एनटीपीसी के जमनीपाली स्टेशन से 2600 मेगावॉट बिजली का उत्पादन किया जाता है। इसे ट्रांसमिशन लाइन के रास्ते पावर ग्रिड कारर्पोशन की निगरानी में छत्तीसगढ़ के अलावा मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा को बिजली आपूर्ति की जाती है। केन्द्र शासित प्रदेश दमन दीव, दादरा और नगर हवेली को भी जमनीपाली स्टेशन से बिजली की आपूर्ति की जाती है, स्टेशन में आई तकनीकी अडचन के बाद से इन राज्यों में भी बिजली आपूर्ति व्यवस्था बाधित होने की बात सामने आई है।
एसएफ- 6 ब्रेकर की टेस्टिंग
पॉवर ग्रिड कॉरर्पोशन (पीजीसीआईएल)की एक टीम एनटीपीसी के स्वीच यार्ड में एसएफ- 6 ब्रेकर को इंस्टॉल करने के लिए आवश्यक परीक्षण कर रही थी। इस दौरान ब्रेकर में ब्लॉस्ट हुआ। अचानक आई इस तकनीकी अड़चन से पॉवर ग्रिड की ट्रांसमिशन लाइन और एनटीपीसी जमनीपाली स्टेशन की इकाइयों में अचानक जर्क आया और सभी इकाइयां एक साथ ट्रिप (ठप होना) हो गई।
सात इकाइयां स्थापित
स्टेशन में 200-200 मेगावॉट की तीन, 500-500 की चार इकाइयां स्थापित है। इस तरह प्लांट में सात इकाइयों से 2600 मेगावॉट बिजली उत्पादन होता है।
एनटीपीसी कालोनी में भी ब्लैकआउट
एनटीपीसी जमनीपाली स्टेशन में आई इस तकनीकी गडबड़ी से कंपनी की आवासीय कालोनी भी पूरी तरह से अंधेरे में डूब गई है। हालांकि कालोनी में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कालोनी में बिजली आपूर्ति के लिए प्रबंधन की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं।
जनसम्पर्क अधिकारी, उषमा घोष ने बताया कि पॉवर ग्रिड कॉरर्पोशन इंडिया लिमिटेड (पीजीसीआईएल) द्वारा किए जा रहे ब्रेकर टेस्टिंग के दौरान इलेक्ट्रीकल फॉल्ट की घटना हुई है। इससे एनटीपीसी जमनीपाली कोरबा स्टेशन की सभी यूनिट ट्रिप हो गई है। सभी बंद इकाइयों को फिर से उत्पादन में लाने की प्रक्रिया जारी है। देर रात तक इकाइयों के उत्पादन में आने की उम्मीद है।
