’जिले में 09 सितम्बर से 08 अक्टूबर तक मनाया जा रहा राष्ट्रीय पोषण माह 2026’ - “विविध आहार, पर्याप्त प्रोटीन एवं स्वस्थ जीवन” - CGKIRAN

’जिले में 09 सितम्बर से 08 अक्टूबर तक मनाया जा रहा राष्ट्रीय पोषण माह 2026’ - “विविध आहार, पर्याप्त प्रोटीन एवं स्वस्थ जीवन”


भारत सरकार के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का आयोजन जिले में 09 सितम्बर से 08 अक्टूबर 2026 तक जनआंदोलन के रूप में किया जा रहा है। पोषण माह का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, बच्चों, किशोर-किशोरियों एवं उनके परिवारों में पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी व्यवहार को बढ़ावा देना तथा समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है। राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत नारायणपुर जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों, ग्रामों एवं परियोजना स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन सेवन, स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग, बच्चों के पोषण एवं प्रारंभिक बाल विकास तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के संबंध में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

स्थानीय खाद्य पदार्थों से पोषण का संदेश अभियान के दौरान समुदाय को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों जैसे दाल, चना, राजमा, सोयाबीन, अंडा, दूध-दही एवं मूंगफली आदि के पोषण महत्व की जानकारी दी जाएगी। आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों एवं माताओं के साथ “रंग-बिरंगी थाली” के माध्यम से विभिन्न खाद्य समूहों को भोजन में शामिल करने के महत्व पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही “मेरी विविध थाली” फोटो एवं वीडियो अभियान, स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों की डिजिटल रेसिपी साझा करना तथा पोषण मेले एवं व्यंजन विधि प्रदर्शन जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।  पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया जाएगा।

आंगनबाड़ी केन्द्रों में विशेष गतिविधियां

पोषण माह के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों एवं माताओं के साथ विविध आहार की थाली पर चर्चा, स्थानीय खाद्य पदार्थों की पहचान एवं उनके उपयोग के संबंध में जागरूकता, ताजा गरम पका हुआ भोजन  के महत्व पर जानकारी तथा पोषण वाटिका विकसित करने के लिए समुदाय को प्रेरित किया जाएगा। साथ ही कुपोषित बच्चों के पोषण एवं देखरेख के संबंध में जागरूकता सत्र, बाल संदर्भ शिविर के माध्यम से बच्चों का चिन्हांकन एवं स्वास्थ्य सेवाओं से संदर्भन तथा पात्र हितग्राहियों के प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में पंजीयन एवं लंबित प्रकरणों के निराकरण जैसी गतिविधियां भी की जाएंगी।

जनभागीदारी से बनेगा पोषण जनआंदोलन

पोषण माह के दौरान ग्राम स्तर पर जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित संबंधित विभागों एवं सहयोगी संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। सोशल मीडिया एवं विभिन्न प्म्ब् माध्यमों के जरिए “थाली में विविधता, परिवार की सेहत” जैसे संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे पोषण माह की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने परिवार एवं समुदाय में संतुलित एवं विविधतापूर्ण आहार, पर्याप्त प्रोटीन, मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करें। सामूहिक प्रयासों से ही कुपोषण मुक्त एवं स्वस्थ समाज के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads