बस्तर में क्रिएटर हब स्टूडियो की शुरुवात, डिप्टी सीएम विजय शर्मा बोले- डिजिटल मंच से दुनिया तक पहुंचेगी बस्तर की पहचान
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बस्तर के युवाओं और स्थानीय प्रतिभाओं को डिजिटल मंच देने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत हुई। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जगदलपुर स्थित लाला जगदलपुरी ग्रंथालय परिसर में ‘बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो’ का शुभारंभ किया। आधुनिक तकनीकों से लैस यह स्टूडियो बस्तर के युवाओं, नवाचार करने वाले लोगों और स्थानीय क्रिएटर्स को अपनी रचनात्मकता को बड़े मंच तक पहुंचाने का अवसर देगा।
शुभारंभ के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने क्रिएटर हब की विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध आधुनिक तकनीकी संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने युवाओं से डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग कर अपनी प्रतिभा को सामने लाने की अपील की। साथ ही उन्होंने बस्तर की कला, संस्कृति, परंपराओं, पर्यटन और विकास की सकारात्मक तस्वीर देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया।
क्रिएटर हब के शुरू होते ही यहां पहले पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग भी की गई। इस पॉडकास्ट में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का इंटरव्यू रिकॉर्ड हुआ, जिसमें उन्होंने बस्तर के विकास, युवाओं की भूमिका और आधुनिक तकनीक के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को नए अवसर उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।
बस्तर क्रिएटर हब में कंटेंट निर्माण, पॉडकास्ट, वीडियो प्रोडक्शन, डिजिटल मीडिया और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसका उद्देश्य स्थानीय युवाओं को ऐसा मंच देना है, जहां वे अपने विचार, अनुभव, प्रतिभा और नवाचार को बेहतर तरीके से प्रस्तुत कर सकें।
इस पहल के जरिए बस्तर की स्थानीय कहानियों और प्रतिभाओं को डिजिटल माध्यम से देश और दुनिया तक पहुंचाने की उम्मीद है। खासतौर पर बस्तर की कला, संस्कृति, पर्यटन और विकास से जुड़े सकारात्मक पहलुओं को नए तरीके से प्रस्तुत करने में यह क्रिएटर हब महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उप मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म आज प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने का बड़ा अवसर दे रहे हैं। बस्तर के युवाओं को भी इन माध्यमों का उपयोग कर अपनी रचनात्मक क्षमता और स्थानीय विरासत को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाना चाहिए।
कार्यक्रम में महापौर संजय पाण्डेय, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना, सहायक कलेक्टर यशवंत नाईक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्रिएटर हब से जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस पर शुरू हुआ यह क्रिएटर हब बस्तर के युवाओं को डिजिटल दुनिया से जोड़ने और स्थानीय प्रतिभाओं को वैश्विक मंच देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
