’गोल्डन ऑवर में उपचार से बच रही जिंदगी, सड़क हादसा पीड़ितों को मिला पीएम राहत का सहारा’
सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती कुछ घंटे घायल व्यक्ति के जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे समय में उपचार के लिए पैसों की चिंता न हो और घायल को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके, इसी उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित पीएम राहत योजना सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए जीवनरक्षक सहारा बन रही है। कोरिया जिले में योजना के तहत अप्रैल से अब तक 43 सड़क दुर्घटना पीड़ितों को लाभ मिल चुका है।
भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा संचालित इस योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल पात्र व्यक्तियों को अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार तथा 7 दिनों तक निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाता है। योजना का उद्देश्य दुर्घटना के बाद ‘गोल्डन ऑवर’ में बिना आर्थिक बाधा के उपचार सुनिश्चित कर सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मृत्यु को कम करना है।
बीमित और गैर-बीमित दोनों मामलों में मिल रहा उपचार का सहारा
कोरिया जिले में अब तक लाभान्वित 43 प्रकरणों में से 17 बीमित वाहनों से संबंधित दुर्घटना प्रकरण हैं, जिनमें उपचार व्यय का भुगतान जनरल इन्श्योरेंस कौंसिल के माध्यम से किया गया है। वहीं, 26 गैर-बीमित वाहनों से संबंधित प्रकरणों में जिला कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के माध्यम से कुल 84,400 रुपये की राशि का भुगतान किया गया है।
इस व्यवस्था से दुर्घटना पीड़ितों को आर्थिक परेशानी के बिना समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है। आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता मिलने से गंभीर रूप से घायल लोगों के जीवन को बचाने की संभावना भी बढ़ती है।
’24 घंटे के भीतर पंजीयन जरूरी’
पीएम राहत योजना का लाभ लेने के लिए दुर्घटना पीड़ित का प्रकरण दुर्घटना के 24 घंटे के भीतर अस्पताल में टीएमएस 2.0 पोर्टल पर पंजीकृत किया जाना आवश्यक है। इसके साथ ही निकटतम पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करानी होती है।
इसके बाद पुलिस द्वारा दुर्घटना प्रकरण को ई-डीएआर 3.0.9 एप्लीकेशन में दर्ज किया जाता है तथा संबंधित थाना प्रभारी द्वारा अनुमोदन किया जाता है। अनुमोदन के बाद पीड़ित को योजना के अंतर्गत उपलब्ध 254 हेल्थ बेनिफिट पैकेजों का लाभ मिल सकता है। पुलिस अनुमोदन में किसी कारणवश देरी होने पर भी आवश्यक स्थिरीकरण उपचार उपलब्ध कराया जाता है।
’एक फोन, मदद की ओर पहला कदम-डायल 112’
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि सड़क दुर्घटना होने पर घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं और डायल 112 की आपातकालीन सहायता सेवा का उपयोग करें। दुर्घटना के बाद हर मिनट महत्वपूर्ण है। समय पर अस्पताल पहुंचाकर और पीएम राहत योजना का लाभ दिलाकर गोल्डन ऑवर को जीवन बचाने का अवसर बनाया जा सकता है।
.jpg)