लकड़ी के चूल्हे से गैस तक - उज्ज्वला योजना ने बदली नारायणपुर की हजारों महिलाओं की जिंदगी
नारायणपुर जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों में कभी खाना पकाने के लिए लकड़ी. उपले और अन्य पारंपरिक ईधनों पर निर्भरता आम बात थी। जंगल से लकड़ी लाना महिलाओं के दैनिक जीवन का हिस्सा था। इसमें समय और श्रम तो लगता ही था. साथ ही रसोई में उठने वाला धुओं महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए भी परेशानी का कारण बनता था।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने इस स्थिति सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। जिले में योजना के अंतर्गत 22018 पात्र परिवारों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए। इन कनेक्शनों से केवल रसोई का ईधन नहीं बदला, बल्कि ग्रामीण परिवारों की जीवनशैली में भी महत्वपूर्ण परिवर्तन आया है।
धुएँ से मुक्ति स्वस्थ जीवन की ओर कदम
उज्ज्वला योजना से पहले कई परिवारों में चूल्हे पर लकड़ी जलाकर भोजन बनाया जाता था। इससे रसोई में धुआँ भर जाता था और महिलाओं को लंबे समय तक धुएँ के बीच रहकर खाना बनाना पड़ता था। उज्जवला गैस के उपयोग से रसोई का वातावरण अधिक स्वच्छ हुआ और परिवारों को घरेलू वायु प्रदूषण से राहत मिली। सरकार के अनुसार उज्जवला योजना का उद्देश्य पारंपरिक ईंधनों से होने वाले घरेलू वायु प्रदूषण को कम करना तथा विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा करना है।
महिलाओं के समय और श्रम की बचत
नारायणपुर जैसे वनांचल क्षेत्र में लकड़ी एकत्र करने में महिलाओं का काफी समय और श्रम खर्च होता था। उज्ज्वला गैस कनेक्शन मिलने के बाद इस कठिनाई में कमी आई। अब महिलाओं को प्रतिदिन लकड़ी बीनने के लिए दूर जाने की आवश्यकता कम हुई है। बचा हुआ समय वे अपने बच्चों की देखभाल, घरेलू कार्य एवं आजीविका से जुड़े काम और सामाजिक गतिविधियों में लगा पा रही हैं। इस प्रकार उज्ज्वला योजना महिलाओं के लिए सुविधा के साथ-साथ सशक्तिकरण का माध्यम भी बनी है। उज्जवला योजना के आधिकारिक विवरण में भी ईंधन संग्रहण की कठिनाई कम होने से महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और अन्य उत्पादक गतिविधियों के लिए अधिक अवसर मिलने की बात कही गई है।
रसोई से परिवार की खुशहाली तक
गैस चूल्हे पर भोजन जल्दी और सुविधाजनक तरीके से तैयार होने लगा है। बारिश के मौसम में गीली लकड़ी से खाना पकाने की परेशानी कम हुई है। रसोई में धुआँ कम होने से घर का वातावरण भी बेहतर हुआ है। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को जमा-रहित उज्जवला गैस कनेक्शन के साथ आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं तथा वर्तमान व्यवस्था के अंतर्गत प्रथम रिफिल और चूल्हे का प्रावधान भी है।
बदली सोच बदला जीवन
22018 गैस कनेक्शन नारायणपुर जिले में केवल एक सरकारी योजना के आँकड़े नहीं हैं. बल्कि हजारों परिवारों के जीवन में आए बदलाव की कहानी हैं। जिन घरों की रसोई कभी धुएँ से भरी रहती थी, वहाँ अब स्वच्छ ईंधन से भोजन तैयार हो रहा है। महिलाओं के श्रम और समय की बचत हुई है तथा परिवारों में स्वच्छता और सुविधा के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उज्ज्वला योजना ने यह संदेश मजबूत किया है कि विकास का वास्तविक अर्थ तभी है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम छोर पर रहने वाले परिवार तक पहुँचे। जिला नारायणपुर में 22018 उज्ज्वला गैस कनेक्शनों ने हजारों परिवारों के जीवन में नई रोशनी लाई है। यह बदलाव केवल लकड़ी से गैस तक का बदलाव नहीं है, बल्कि धुएँ से स्वच्छता. कठिनाई से सुविधा और परंपरागत निर्भरता से बेहतर जीवन की ओर बढ़ता कदम है। उज्ज्वला योजना ने नारायणपुर की महिलाओं को समय, श्रम और स्वच्छ रसोई का उपहार देकर उनके जीवन को अधिक सुविधाजनक और सम्मानजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
