छत्तीसगढ़ में अभी भी बाकी है 6,00,000 लोगों ई-केवाईसी...नहीं हो पा रही है ऑनलाइन गैस बुकिंग
केंद्र सरकार की ओर से गैस कनेक्शन के लिए अनिवार्य किए गए ई-केवाईसी सत्यापन की समय सीमा 23 अगस्त को समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद छत्तीसगढ़ में करीब 70 लाख ग्राहकों में 6 लाख से अधिक ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराया है। पेट्रोलियम कंपनियों ने ऐसे कनेक्शनों को ब्लॉक करना शुरू कर दिया है। इसका सीधा असर गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग पर पड़ रहा है।
एजेंसी पहुंचने पर कराना होगा सत्यापन
ई-केवाईसी नहीं कराने वाले ग्राहक जब गैस एजेंसी पहुंच रहे हैं तो उन्हें पहले सत्यापन कराने के लिए कहा जा रहा है। पेट्रोलियम कंपनियों के अनुसार राखी के बाद 1 सितंबर से कार्रवाई और सख्त की जाएगी। अभी जिन ग्राहकों की ऑनलाइन बुकिंग हो रही है, उनकी बुकिंग भी तत्काल बंद की जा सकती है।
रायपुर जिले में एचपीसीएल, बीपीसीएल और इंडेन के करीब सात लाख ग्राहक हैं। इनमें 30 हजार से अधिक ग्राहकों ने अंतिम तिथि तक ई-केवाईसी नहीं कराया। ऐसे कनेक्शनों को भी ब्लॉक किया जा रहा है। रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में इंडेन के ग्राहकों की संख्या सबसे अधिक है। इसलिए ई-केवाईसी लंबित ग्राहकों की संख्या भी इसी कंपनी में ज्यादा है।
कंपनी के अधिकारी इस स्थिति को लेकर गैस एजेंसियों से नाराज हैं। जिस एजेंसी में ई-केवाईसी नहीं कराने वाले ग्राहकों की संख्या अधिक मिलेगी, उसे नोटिस दिया जाएगा। एजेंसियों ने भी ऐसे ग्राहकों से संपर्क शुरू कर दिया है। उन्हें फोन कर सत्यापन के लिए बुलाया जा रहा है।
