छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनाव-उपचुनाव के लिए मतदान आज, ईवीएम और बैलेट बॉक्स के जरिए डाले जाएंगे वोट - CGKIRAN

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनाव-उपचुनाव के लिए मतदान आज, ईवीएम और बैलेट बॉक्स के जरिए डाले जाएंगे वोट


त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उप चुनाव के लिए मतदान शुरू हो चुका है. चार को परिणामों की घोषणा की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी निकायों में मतदान सुबह आठ बजे से शुरू होगा, जो शाम पांच बजे तक चलेगा। त्रिस्तरीय पंचायतों में मतदान सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा। मतदाताओं के लिए 18 पहचान पत्र निर्धारित किए गए हैं।

त्रिस्तरीय पंचायत उप-निर्वाचन 2026 के तहत सरपंच और पंच के रिक्त पदों को भरने के लिए सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. लोकतंत्र के इस उत्सव में ग्रामीण बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. विशेषकर ग्राम पंचायत कुकुरदी से भारी उत्साह की खबरें आ रही हैं, जहां सुबह से ही लोग मतदान केंद्रों पर लंबी कतारों में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं.

नामांकन और प्रत्याशियों की स्थिति

नगरपालिकाओं के अध्यक्ष के पांच व पार्षदों के 77 पदों और त्रिस्तरीय पंचायतों में जनपद पंचायत सदस्य के दस, सरपंच के 82 व पंच के 1,136 रिक्त पदों के लिए 11 मई से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई थी, जो 18 मई तक चली थी। नगरीय निकायों में 240 और त्रि-स्तरीय पंचायतों में 392 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

पंच और सरपंच पदों का गणित

पंच पद के 1,136 पदों में से 385 पर नामांकन नहीं हुआ, जबकि 640 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। शेष 107 पदों पर मतदान होगा, जहां 246 प्रत्याशी मैदान में हैं। चार पदों पर नामांकन निरस्त हुए हैं।

सरपंच के लिए 82 में से 30 पदों पर नामांकन नहीं हुए हैं। तीन नामांकन निरस्त और 15 निर्विरोध चुने गए हैं। 34 पदों के लिए 105 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। इसी प्रकार जनपद सदस्य के 10 पदों के लिए 41 उम्मीदवार मैदान में हैं।

नगरीय निकायों में अध्यक्ष और पार्षद पद की स्थिति

नगरीय निकाय निर्वाचन के अंतर्गत पार्षद पद के लिए 71 स्थानों पर मतदान होगा। 221 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। अध्यक्ष पद के पांच स्थानों पर निर्वाचन होगा, जिनके लिए 19 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया है।

नगरीय निकायों के 44,525 और त्रिस्तरीय पंचायतों के 10,37,789 मतदाता चुनाव में भाग लेंगे। निकायों के निर्वाचन के लिए 115 और त्रिस्तरीय पंचायतों के अंतर्गत 937 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। नगरीय निकायों के चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और त्रि-स्तरीय पंचायतों के चुनाव मतपेटी (बैलेट बॉक्स) के माध्यम से होंगे।

पलारी नगर पंचायत के सभी 15 मतदान केंद्रों की कमान महिला अधिकारी संभाल रही हैं

बालोद के नवनिर्मित नगर पंचायत पलारी में 'नगर पालिका आम निर्वाचन 2026' के तहत सुबह 8 बजे से वोट डाले जाएंगे. शाम 5 बजे तक मतदान होगा. पलारी के इतिहास में यह पहला मौका है जब नगर पंचायत के सभी 15 मतदान केंद्रों पर पीठासीन अधिकारी से लेकर मतदान अधिकारी क्रमांक 1, 2 और 3 के पदों पर केवल महिला कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है. चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. पूरे 15 मतदान केंद्रों को 2 सेक्टरों में विभाजित किया गया है. दोनों ही सेक्टरों में कानून व्यवस्था पर नजर रखने और सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए दो सेक्टर ऑफिसर तैनात किए गए हैं.

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads