नक्सल मुक्त बीजापुर में विकास को मिलेगी नई गति -कलेक्टर श्री विश्वदीप - CGKIRAN

नक्सल मुक्त बीजापुर में विकास को मिलेगी नई गति -कलेक्टर श्री विश्वदीप



जिले में नवपदस्थ कलेक्टर श्री विश्वदीप ने जिला कार्यालय में प्रेसवार्ता आयोजित कर जिले के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। प्रेसवार्ता में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और जिले से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

बीजापुर अब विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा- कलेक्टर श्री विश्वदीप ने कहा कि नक्सल मुक्त  बीजापुर में अब विकास को नई गति देने का समय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के गुणवत्तापूर्ण विस्तार को प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजापुर चार दशकों तक माओवाद के प्रभाव से जूझता रहा, जिसके कारण विकास कार्य प्रभावित हुए। अब बदलते हालात में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और सामुदायिक सहभागिता के साथ जिले के सर्वांगीण विकास की दिशा में कार्य किया जाएगा। नियद नेल्लानार और बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के व्यापक क्रियान्वयन तथा सुशासन तिहार पर विस्तृत चर्चा हुई।

जिले के विकास में मीडिया की भूमिका अहम- कलेक्टर ने मीडिया को लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मीडिया प्रशासन और जनता के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य करता है तथा जनसमस्याओं को शासन तक पहुंचाने में अहम योगदान देता है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि विकास कार्यों की वास्तविक तस्वीर सामने लाने में पत्रकारों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

पत्रकारों ने साझा किए अपने अनुभव- प्रेसवार्ता के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने पूर्व में जिले में कवरेज के दौरान आए अनुभवों और चुनौतियों को साझा किया। पत्रकारों ने बदलते हालात पर संतोष व्यक्त करते हुए जिले के विकास में अपनी सक्रिय सहभागिता और सहयोग का आश्वासन दिया।

वरिष्ठ अधिकारी भी रहे उपस्थित- इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल तथा उप संचालक जनसंपर्क श्री दिनेश नेताम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads