छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे अमित शाह- सीएम साय ने किया स्वागत, बस्तर के सुरक्षा और विकास पर फोकस - CGKIRAN

छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे अमित शाह- सीएम साय ने किया स्वागत, बस्तर के सुरक्षा और विकास पर फोकस


केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिनों के छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंच गए हैं. गृहमंत्री तीन दिनों तक रायपुर और बस्तर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, नक्सल मोर्चा, विकास योजनाओं की समीक्षा, आधुनिक पुलिसिंग को मजबूती और मध्य क्षेत्रीय परिषद की बड़ी बैठक जैसे कई अहम मुद्दों पर फोकस रहेगा. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रायपुर पहुंचने पर सीएम साय ने उनका स्वागत किया है. डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने रायपुर में अमित शाह के कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा जांच का मुआयना किया और तैयारियों का जायजा लिया. दूसरी ओर कांग्रेस ने अमित शाह के दौरे पर निशाना साधा है और हमला बोला है.

गृहमंत्री अमित शाह विशेष विमान से रायपुर पहुंचे. रायपुर एयरपोर्ट पर सीएम विष्णुदेव साय ने उनका स्वागत किया. सीएम साय ने इससे जुड़ा पोस्ट भी जारी किया है. इस पोस्ट में उन्होंने लिखा कि प्रभु श्रीराम के ननिहाल एवं माता कौशल्या की पावन धरा छत्तीसगढ़ में माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन.

सीएम साय ने बताया दौरे का एजेंडा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह अगले दो दिनों तक बस्तर जगदलपुर सहित कई कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे. उन्होंने बताया कि 19 मई को मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक आयोजित होगी, जिसमें चार राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे.सीएम साय ने बताया कि इस परिषद में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ शामिल हैं और इसकी अध्यक्षता गृहमंत्री अमित शाह करेंगे. बैठक में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, एमपी के सीएम मोहन यादव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल होंगे.

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads