छत्तीसगढ़ में डिजिटल सुशासन को बढ़ावा, 'सेवा सेतु' पोर्टल पर अब 441 से ज्यादा सरकारी सेवाएं - CGKIRAN

छत्तीसगढ़ में डिजिटल सुशासन को बढ़ावा, 'सेवा सेतु' पोर्टल पर अब 441 से ज्यादा सरकारी सेवाएं


छत्तीसगढ़ सरकार का “सेवा सेतु” पोर्टल प्रदेश में डिजिटल सुशासन का बड़ा माध्यम बनकर उभर रहा है। अब नागरिकों को 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और सेवाएं समयबद्ध तरीके से घर के नजदीक मिल सकेंगी।

राज्य शासन के मुताबिक पहले ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के जरिए 86 सेवाएं उपलब्ध थीं, जिन्हें विस्तार देकर अब “सेवा सेतु” पोर्टल के रूप में विकसित किया गया है। पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाओं को ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है।

सरकार की योजना पंचायत स्तर तक डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की है। इसके लिए पंचायत सचिवों, सेवा सेतु केंद्र संचालकों और विभागीय कर्मचारियों को चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही गांव-गांव तक योजनाओं और सेवाओं की जानकारी पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं। सेवा सेतु पोर्टल पर आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, भू-अभिलेख सेवाएं, नाम संशोधन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े आवेदन, श्रम और राजस्व विभाग की सुविधाएं समेत कई सेवाएं उपलब्ध हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी इस पहल से बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। अब ग्राम पंचायत स्तर पर विवाह प्रमाण पत्र, भवन अनुज्ञा, स्ट्रीट लाइट सुधार, साफ-सफाई व्यवस्था और नाम परिवर्तन संबंधी सेवाओं के लिए भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। सरकार ने पोर्टल को व्हाट्सएप से भी जोड़ा है, जिससे लोग घर बैठे आवेदन और सेवाओं की जानकारी हासिल कर सकेंगे। इससे ग्रामीण नागरिकों को तहसील और जिला मुख्यालय के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads