गर्मी के मौसम में तेंदू फल खाने से होते हैं कई फायदे
जंगलों में पाया जाने वाला तेंदू फल आदिवासी समुदाय के लिए वरदान है. शहडोल संभाग के जंगलों में तेंदू के पेड़ों की भरमार है. तेंदू फल के साथ पत्ता भी आदिवासियों के लिए आमदनी का साधन है. इन दिनों बाजारों में तेंदू की बहार है, क्योंकि उसी के फलों का मौसम चल रहा है. तेंदू फल की जो खासियत होती है, वो इंसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. साथ ही इसके पत्ते भी अच्छी खासी आमदनी का साधन हैं. गर्मी के मौसम में जैसे-जैसे तापमान बढ़ रहा है जंगलों में तेंदू के पेड़ों में फल पकने लगे हैं. इन्हीं फलों की हर जगह बहार देखने को मिल रही है. क्योंकि गर्मी के मौसम में लोग तेंदू फल खूब पसंद करते हैं. तेंदू का फल खाने में जितना अच्छा लगता है, उतना ही स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है. इन दिनों शहडोल जिले के बाजारों में तेंदू फल की भारी आवक है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों से महिलाएं तेंदू फल तोड़कर बेचने आ रही हैं.
अच्छे दाम पर बिक जाता है तेंदू फल
लमरो गांव निवासी बताते हैं कि "वो पिछले 3 साल से इस सीजन में तेंदू फल तोड़कर शहडोल जिला मुख्यालय लाते हैं. बाजार में तेंदू फल को अच्छे दाम में बेचते हैं, क्योंकि इसकी अच्छी खासी डिमांड रहती है. गर्मी के मौसम में इस फल को लोग ज्यादा से ज्यादा खाना पसंद करते हैं, क्योंकि तेदूं फल में कई पोषक तत्व होते इन दिनों तेंदू फल बाजार में 60 रुपए प्रति किलो में बिक रहा है."
आदिवासियों के लिए वरदान है तेंदू फल
आदिवासी समुदाय के लोग तेंदू फल को वरदात बताते हैं. उनका कहना है कि तेंदू फल को बेचकर आर्थिक जरूरतें पूरी हो जाती हैं. इसको बेचना भी आसान होता है. ऐंताझर गांव के रहने वाले कुन्नू लाल बैगा ने बताया, " तेंदू फल से लेकर के पत्ता सब कुछ तो काम आता है. इसकी कई खासियतें हैं जैसे कि "पेट गड़बड़ है तो कच्चा तेंदू लेकर उसका छिलका निकालकर खा लीजिए पेट एकदम सही हो जाएगा. इसके अलावा शरीर में अलग से ऊर्जा लाता है, ताकत बढ़ाता है."
तेंदू पत्ता के गजब फायदे
शहडोल वन विभाग साउथ डीएफओ श्रद्धा पेन्द्रे बताती हैं कि "वन विभाग सहकारिता विभाग के बीच एक फेडरेशन का संबंध है. उसके साथ मिलकर के तेंदूपत्ता की खरीदी का काम किया जाता है. उससे जो प्रॉफिट होता है, पूरा का पूरा ग्रामीणों के बीच वितरित किया जाता है." उन्होंने बताया कि "तेंदू पत्ता की खरीदी मई के फर्स्ट वीक से शुरू होगी, जो लगभग 15 से 20 दिन या एक महीने तक चलती है, जिसका भुगतान सीधे खाते में आता है. इसके अलावा प्रशासन द्वारा तेंदू पत्ता तोड़ने वाले किसानों को बोनस भी दिया जाता है."
ग्रामीणों का 'एप्पल'
तेंदू फल की क्या खासियत है " तेंदू फल को एक तरह से ग्रामीणों का एप्पल भी बोल सकते हैं, क्योंकि इस फल की खासियत एप्पल की तरह ही होती है. इसकी तुलना एप्पल से करना कुछ गलत नहीं होगा. आयुर्वेद के मत अनुसार ये मधुर और कसाय रसात्मक होता है. जिसके चलते यह शरीर को ताकत प्रदान करता है और ब्लीडिंग हीमोरॉयड या खूनी बवासीर में बहुत फायदेमंद होता है."
गर्मी के मौसम में फायदेमंद है तेंदू फल
इसमें कसाय रसायन होने के कारण ये दस्त या डिसेंट्री में भी काफी अच्छा काम करता है. बड़ी आंत में सूजन होती है उसमें ये काफी कारगर होता है, क्योंकि इसमें मैग्नीशियम का अच्छा कंटेंट होता है, ये ब्लड सर्कुलेशन के लिए भी अच्छा होता है. इसमें काफी मात्रा में विटामिन ए होता है, जिसकी वजह से यह आंखों के लिए भी बहुत अच्छा होता है. इसमें डाइटरी फाइबर होने से कॉन्स्टिपेशन दूर होता है. तेंदू फल खाने से हार्ट और किडनी भी अच्छी होती है."
